कोण्डागांव

एकलव्य विद्यालय श्यामपुर की जांच में 30 से 35 बिंदुओं पर खामियों का दावा, 6 कमरे सील
05-Nov-2026 9:55 PM
एकलव्य विद्यालय श्यामपुर की जांच में 30 से 35 बिंदुओं पर खामियों का दावा, 6 कमरे सील

 प्रदर्शन के बाद जांच करने पहुंची टीम, छात्रावासों का निरीक्षण कर तैयार होगी रिपोर्ट

 ‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

कोंडागांव, 5 नवंबर। कोण्डागांव जिला के माकड़ी विकासखंड के संयुक्त एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय श्यामपुर में अव्यवस्थाओं और विद्यार्थियों को मिलने वाली सुविधाओं में कमी की शिकायतों को लेकर 3 नवंबर को जांच दल विद्यालय पहुंचा।

ज्ञात हो कि 31 अक्टूबर को शिक्षिका प्रियंका परिहार के समर्थन में विद्यार्थियों, पालकों और सामाजिक जनों ने कलेक्ट्रेट के सामने प्रदर्शन कर विद्यालय की व्यवस्थाओं पर सवाल उठाए थे। इसके बाद कलेक्टर कार्यालय से जांच समिति गठित की गई। मंगलवार को समिति ने बालक और कन्या छात्रावास का निरीक्षण किया।

जांच में शामिल छत्तीसगढ़ सर्व आदिवासी समाज के जिला अध्यक्ष पनकु राम नेताम ने दावा किया कि करीब 30 से 35 बिंदुओं पर खामियां मिली हैं और लगभग छह कमरों को सील कराया गया है। उन्होंने कहा कि जांच में सामने आई बातों को लिखित रिपोर्ट के रूप में प्रशासन को सौंपा जाएगा।

कोण्डागांव एसडीएम अश्वन पुसाम ने बताया कि ग्रामीणों की ओर से विद्यालय की व्यवस्थाओं को लेकर शिकायत आवेदन दिए गए थे। इसी आधार पर कलेक्टर कार्यालय से जांच दल गठित किया गया था। जांच के दौरान करीब 40 से 50 ग्रामीण भी मौके पर पहुंचे, जिसके चलते वे कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए वहां उपस्थित थे। उन्होंने बताया कि जांच समिति ने व्यवस्थाओं से जुड़ी शिकायतों की जांच की है।

वहीं, डिप्टी कलेक्टर रश्मि पोया ने बताया कि समिति के सदस्यों ने बालक और कन्या छात्रावास का निरीक्षण किया। इसमें प्रशासनिक अधिकारियों के साथ जनप्रतिनिधियों और पालकों को भी शामिल किया गया था। उन्होंने कहा कि जांच रिपोर्ट जल्द, संभवत: अगले दिन प्रस्तुत की जाएगी।

हालांकि, छात्रावास में लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच के लिए तकनीकी विशेषज्ञ की मौजूदगी के सवाल पर उन्होंने स्वीकार किया कि समिति में कोई विशेषज्ञ नहीं था। उनके अनुसार, सीसीटीवी से जुड़े बिंदुओं को पालकों की मौजूदगी में देखा गया। छत्तीसगढ़ सर्व आदिवासी समाज के जिला अध्यक्ष पनकु राम नेताम ने कहा कि जांच के दौरान कई कमियां देखने को मिली हैं, लेकिन लिखित रिपोर्ट तैयार होने से पहले सभी बिंदुओं पर विस्तार से बोलना उचित नहीं होगा। उन्होंने करीब छह कमरे सील किए जाने और 30 से 35 बिंदुओं पर खामियां मिलने का दावा किया। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि जांच से पहले के तीन दिनों में विद्यालय में लीपापोती की गई है। समाज की ओर से प्रशासन को रिपोर्ट सौंपने के बाद दोनों रिपोर्ट का मिलान करने की बात कही गई है।

जांच दल के सदस्य दसरू नेताम ने आरोप लगाया कि 31 अक्टूबर को प्रदर्शन के दौरान दोनों छात्रावासों को बंद रखने का आश्वासन दिया गया था, लेकिन जांच दल के पहुंचने पर छात्रावास खुले मिले और वहां काम चल रहा था। उनके अनुसार, बाथरूम की मरम्मत की जा रही थी, सीसीटीवी कैमरों की जगह बदली गई थी और कंप्यूटर सिस्टम चालू था। उन्होंने एक कर्मचारी मुकुंद को मानसिक रूप से प्रताडि़त करने और गलत बयान पर हस्ताक्षर कराने का प्रयास किए जाने का आरोप भी लगाया। दसरू नेताम के मुताबिक, जिन कमरों की चाबियां उपलब्ध नहीं थीं या जिन्हें खोला नहीं जा रहा था, उन्हें संदिग्ध मानते हुए अधिकारियों से कहकर सील कराया गया। उन्होंने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने की मांग की।

गौरतलब है कि 10 अक्टूबर को विद्यालय में पदस्थ पीजीटी कंप्यूटर साइंस शिक्षिका प्रियंका परिहार ने फिनाइल पीकर आत्महत्या का प्रयास किया था। इसके बाद उन्होंने विद्यालय में विद्यार्थियों को पेयजल, कंप्यूटर, किताबें, जूते, यूनिफॉर्म और बेहतर छात्रावास सुविधाएं नहीं मिलने का मुद्दा उठाया था। शिक्षिका ने विद्यालय प्रबंधन पर मानसिक प्रताडऩा और वेतन संबंधी परेशानियों सहित कई गंभीर आरोप लगाए थे। 31 अक्टूबर को उनके समर्थन में छात्र, पालक और शिक्षक कलेक्ट्रेट पहुंचे थे। प्रदर्शन के दौरान विद्यार्थियों ने भोजन की गुणवत्ता, शौचालयों की स्थिति और पेयजल व्यवस्था पर शिकायतें की थीं। पालकों ने छात्राओं के नहाने-धोने के स्थानों के आसपास सीसीटीवी कैमरे लगाए जाने पर भी सवाल उठाए थे। फिलहाल जांच समिति की लिखित रिपोर्ट सामने आना बाकी है। अधिकारियों की ओर से जांच के निष्कर्ष और शिकायतों पर की जाने वाली कार्रवाई की आधिकारिक पुष्टि के बाद ही आरोपों की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।


अन्य पोस्ट