कोण्डागांव
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
कोंडागांव, 5 नवंबर। कोण्डागांव जिले की मूलभूत समस्याओं और केशकाल विधानसभा क्षेत्र में जनसंपर्क निधि से आर्थिक सहायता वितरण में कथित गड़बड़ी को लेकर आम आदमी पार्टी ने 3 नवंबर को कलेक्टर को ज्ञापन सौंपा। जिला अध्यक्ष सुक्कु राम नाग और विधानसभा प्रभारी मानसिंग नेताम के नेतृत्व में पहुंचे पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने जर्जर सडक़ों, शिक्षा, स्वास्थ्य, बिजली और अन्य मूलभूत सुविधाओं की समस्याएं उठाईं।
पार्टी ने आरोप लगाया कि जनसंपर्क निधि से आर्थिक सहायता देने में पात्र गरीबों की अनदेखी कर सक्षम लोगों को राशि दी गई है। जिला अध्यक्ष ने प्रशासन को एक महीने में समस्याओं का निराकरण करने की मांग की। ऐसा नहीं होने पर जनता के साथ कलेक्ट्रेट के सामने धरना-प्रदर्शन करने की चेतावनी दी।
आम आदमी पार्टी के यूथ जिला अध्यक्ष बिरजू राम सलाम ने कहा कि पार्टी ने केशकाल विधानसभा क्षेत्र के गांवों में एक सप्ताह तक पदयात्रा कर जरूरतमंद लोगों से मुलाकात की और उनकी स्थिति का वीडियो भी बनाया। उन्होंने आरोप लगाया कि जिन लोगों के पास पक्के मकान और वाहन हैं, उन्हें आर्थिक सहायता दी गई, जबकि वास्तविक जरूरतमंद इससे वंचित रह गए। पार्टी ने इस मामले में उचित कार्रवाई कर पात्र लोगों को उनका हक दिलाने की मांग की है।
जिला अध्यक्ष सुक्कु राम नाग ने क्षेत्र की सडक़ों की बदहाली का मुद्दा उठाते हुए कहा कि पन्ना मार्ग की स्थिति इतनी खराब है कि वहां से बैलगाड़ी और मवेशियों का निकलना भी मुश्किल हो गया है। बड़े ओड़ागांव पंचायत के बारदा नदी क्षेत्र में बारिश के दौरान जलभराव से तीन-चार दिन तक रास्ता बंद रहने का दावा करते हुए उन्होंने कहा कि इससे मरीजों को अस्पताल पहुंचाने में परेशानी होती है। वहीं, पांडे आठगांव से चरकई मार्ग भी जर्जर स्थिति में है। उन्होंने बताया कि पार्टी ने ज्ञापन के साथ आर्थिक सहायता के वास्तविक पात्रों की सूची और आधार कार्ड संबंधी दस्तावेज भी सौंपे हैं। पार्टी ने पात्र गरीबों को सहायता देने और अपात्र लोगों को दी गई राशि की वसूली की मांग की है।
आप पदाधिकारियों ने चेतावनी दी कि समस्याओं के निराकरण और आर्थिक सहायता वितरण में कथित गड़बड़ी पर कार्रवाई नहीं होने पर आंदोलन किया जाएगा। हालांकि, आर्थिक सहायता वितरण में अनियमितता के आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि और प्रशासन का पक्ष सामने आना बाकी है।