कोण्डागांव
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
कोंडागांव, 5 नवंबर। शासकीय आदर्श आवासीय कन्या महाविद्यालय कोंडागांव में 2 से 3 नवंबर तक सेक्टर स्तरीय महिला हैंडबॉल प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में आठ टीमों ने हिस्सा लिया और अपने खेल कौशल का प्रदर्शन किया।
फाइनल मुकाबले में शासकीय महाविद्यालय केशकाल की टीम ने शानदार प्रदर्शन कर विजेता का खिताब अपने नाम किया, जबकि मेजबान शासकीय आदर्श आवासीय कन्या महाविद्यालय की टीम उपविजेता रही।
प्रतियोगिता के उद्घाटन समारोह में मुख्य अतिथि पुष्पलता देवांगन, विशिष्ट अतिथि डॉ. सरला आत्राम और अध्यक्षता कर रही महाविद्यालय की प्राचार्य डॉ. अलका शुक्ला उपस्थित रहीं।
उद्घाटन अवसर पर करीना एवं साथियों द्वारा नृत्य प्रस्तुत किया गया। क्रीड़ा अधिकारी सुनील देव जोशी के मार्गदर्शन में प्रतियोगिता का सफल संचालन किया गया। अतिथियों ने खिलाडिय़ों को संबोधित करते हुए खेल के महत्व और अनुशासन पर प्रकाश डाला।