कोण्डागांव
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
कोण्डागांव, 4 नवंबर। सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारियों (सीएचओ) पर घोटाले के आरोप लगाए जाने और इंसेंटिव भुगतान में देरी सहित पांच सूत्रीय मांगों को लेकर छत्तीसगढ़ के सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारी 5 नवंबर से रायपुर में संचालनालय का घेराव कर धरना देंगे। इसे लेकर सोमवार को जिला सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारी संगठन की अध्यक्ष मुस्कान मसीह के नेतृत्व में सीएमएचओ को ज्ञापन सौंपा गया।
संगठन का कहना है कि करीब दो महीने पहले संचालनालय की ओर से केवल सीएचओ पर घोटाले के आरोप लगाए गए, जबकि टीम बेस्ड इंसेंटिव में अन्य कर्मचारी भी शामिल होते हैं। संगठन ने सभी संबंधित कर्मचारियों की भूमिका की जांच करने और गड़बड़ी पाए जाने पर जिम्मेदार अधिकारियों व कर्मचारियों पर कार्रवाई की मांग की है।
जिला अध्यक्ष मुस्कान मसीह ने बताया कि शासन के नियमानुसार परफॉर्मेंस लिंक्ड इंसेंटिव (पीएलआई) का भुगतान हर महीने की 7 से 10 तारीख के बीच होना चाहिए, लेकिन कई बार छह से सात महीने तक भुगतान लंबित रहता है। उन्होंने बताया कि 20 की-पॉइंट्स के आधार पर कार्य की ग्रेडिंग तय होती है, जिसमें ए ग्रेड के लिए 15 हजार और बी ग्रेड के लिए 12 हजार रुपये इंसेंटिव निर्धारित है। संगठन ने सुकमा जिले में सत्यापन के बाद भी ग्रेडिंग के अनुसार निर्धारित राशि से कम भुगतान किए जाने का आरोप लगाया है।
मुस्कान मसीह के अनुसार, आदेश में संशोधन की मांग को लेकर सीएचओ ने ऑनलाइन कार्य बंद कर रखा है। उन्होंने चेतावनी दी कि मांगें पूरी नहीं होने पर संगठन अनिश्चितकालीन हड़ताल पर जाने के लिए बाध्य होगा।