कोण्डागांव

युवती लापता, सर्व हिंदू समाज ने निकाली सांकेतिक रैली, पुलिस की 3 से 4 टीमें तलाश में जुटीं
31-Oct-2026 10:47 PM
युवती लापता, सर्व हिंदू समाज ने निकाली सांकेतिक रैली, पुलिस की 3 से 4 टीमें तलाश में जुटीं

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

कोण्डागांव, 31 अक्टूबर। कोण्डागांव में युवती के लापता होने के मामले में शुक्रवार शाम सर्व हिंदू समाज ने पुराने विश्राम गृह में बैठक के बाद बस स्टैंड तक सांकेतिक रैली निकाली। इस दौरान युवती को सामने लाने और मामले के निस्तारण की मांग की गई।

रैली के दौरान अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक, अनुविभागीय पुलिस अधिकारी और सिटी कोतवाली प्रभारी सहित पुलिस बल मौजूद रहा। अधिकारियों ने बताया कि मामला दर्ज कर जांच की जा रही है और युवक-युवती की तलाश के लिए 3 से 4 टीमें जुटी हुई हैं।

इससे पूर्व 28 अक्टूबर को सर्व समाज ने सिटी कोतवाली पहुंचकर प्रदर्शन किया था और युवती को 24 घंटे के भीतर परिजनों तक पहुंचाने का अल्टीमेटम दिया था। 29 अक्टूबर को प्रशासन, सर्व समाज और दोनों पक्षों के परिजनों के बीच लगभग तीन घंटे तक शांति वार्ता हुई थी, जिसमें प्रशासन की ओर से 48 घंटे के भीतर स्थिति स्पष्ट करने का आश्वासन दिया गया था।

28 अक्टूबर को प्रदर्शन के बाद सोशल मीडिया पर युवती का एक वीडियो सामने आया, जिसमें उसने खुद को बालिग बताते हुए अपनी मर्जी से घर छोडऩे और विवाह करने की बात कही है। वीडियो में उसने यह भी कहा कि उसकी वजह से अशांति होने पर वह आत्मघाती कदम उठा सकती है।

छत्तीसगढ़ बजरंग दल के प्रदेश संरक्षक डॉ. आशुतोष पांडे ने इस वीडियो पर कहा कि प्रशासनिक पुष्टि और युवती के प्रत्यक्ष सामने आने के बाद ही स्थिति पूरी तरह स्पष्ट हो सकेगी।

समाज ने की युवती से सामने आने की अपील डॉ. आशुतोष पांडे ने कहा कि प्रशासन की कार्रवाई जारी है, लेकिन विलंब के कारण सांकेतिक रैली निकाल कर अपनी मांग रखी गई। उन्होंने युवती से सामने आकर अपनी बात रखने की अपील की तथा युवक और उसके परिजनों से भी सहयोग का आग्रह किया।

आदिवासी युवा प्रभाग के जिला संरक्षक यतींद्र सलाम ने घटनाक्रम पर चिंता व्यक्त करते हुए युवती को शीघ्र सामने लाने और मामले के जल्द समाधान की मांग की।

कोण्डागांव सिटी कोतवाली प्रभारी (टीआई) सौरभ उपाध्याय ने बताया कि प्रार्थी की बालिग बेटी के लापता होने की रिपोर्ट पर अपराध दर्ज कर विवेचना की जा रही है। परिजनों को युवती के बालिग होने के संबंध में विधिक स्थिति से अवगत कराया गया है। सोशल मीडिया पर प्रसारित वीडियो को भी जांच में शामिल किया गया है।

पुलिस की 3 से 4 टीमें अलग-अलग क्षेत्रों में पतासाजी कर रही हैं। जानकारी मिलते ही नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।


अन्य पोस्ट