कोण्डागांव

गुण्डाधुर स्नातकोत्तर महाविद्यालय में इंडक्शन कार्यक्रम, विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास पर जोर
30-Oct-2026 11:23 PM
 गुण्डाधुर स्नातकोत्तर महाविद्यालय में इंडक्शन कार्यक्रम, विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास पर जोर

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

कोंडागांव, 30 अक्टूबर। शासकीय गुण्डाधुर स्नातकोत्तर महाविद्यालय, कोंडागांव में राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 के अंतर्गत विद्यार्थियों को नवीन शिक्षा प्रणाली, पाठ्यक्रम संरचना, परीक्षा पद्धति तथा विषय चयन की प्रक्रिया से अवगत कराने के उद्देश्य से इंडक्शन कार्यक्रम का आयोजन किया गया।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि एवं महाविद्यालय की जनभागीदारी समिति के अध्यक्ष विकास कुमार दुआ तथा जिला भाजपा युवा मोर्चा के अध्यक्ष नागेश कुमार देवांगन की उपस्थिति रही। कार्यक्रम की अध्यक्षता महाविद्यालय की प्राचार्य डॉ. सरला आत्राम ने की। उनके मार्गदर्शन में आयोजित इस कार्यक्रम में विद्यार्थियों को राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 की मूल भावना, उद्देश्यों एवं उच्च शिक्षा में इसके महत्व के संबंध में विस्तारपूर्वक जानकारी दी गई

कार्यक्रम के संयोजक इतिहास विभाग के सहायक प्राध्यापक श्री पुरोहित तथा प्राणीशास्त्र विभाग के सहायक प्राध्यापक शोभाराम यादव रहे।

इस अवसर पर राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 के जिला स्तरीय मास्टर ट्रेनर शशिभूषण कन्नौजे, सहायक प्राध्यापक, वनस्पतिशास्त्र विभाग, तथा नसीर अहमद, सहायक प्राध्यापक, रसायनशास्त्र विभाग ने विद्यार्थियों को नई शिक्षा नीति के विभिन्न प्रावधानों के संबंध में विस्तार से जानकारी दी। वक्ताओं ने सरल एवं व्यावहारिक तरीके से पाठ्यक्रम, असाइनमेंट, आंतरिक मूल्यांकन, एंड-सेमेस्टर परीक्षा तथा विषय चयन से संबंधित महत्वपूर्ण पहलुओं को समझाया।

जिला स्तरीय मास्टर ट्रेनर शशिभूषण कन्नौजे ने राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 की पृष्ठभूमि, उद्देश्यों तथा उच्च शिक्षा में इसके महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि नई शिक्षा नीति का उद्देश्य विद्यार्थियों को केवल किताबी ज्ञान तक सीमित रखना नहीं, बल्कि उनमें तार्किक चिंतन, रचनात्मकता, कौशल, व्यावहारिक ज्ञान तथा समस्या समाधान की क्षमता विकसित करना है। यह नीति विद्यार्थियों को उनकी रुचि, योग्यता और भविष्य की आवश्यकताओं के अनुरूप शिक्षा प्राप्त करने के अवसर उपलब्ध कराने पर बल देती है।

नसीर अहमद ने राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 के अंतर्गत पाठ्यक्रम की संरचना, विषय चयन की प्रक्रिया तथा परीक्षा प्रणाली से संबंधित विभिन्न पहलुओं पर विस्तारपूर्वक जानकारी दी। उन्होंने विद्यार्थियों को बताया कि विषयों का चयन करते समय अपनी रुचि, शैक्षणिक क्षमता, उपलब्ध पाठ्यक्रम विकल्पों तथा भविष्य में उच्च शिक्षा और रोजगार की संभावनाओं को ध्यान में रखना चाहिए।

कार्यक्रम के दौरान बताया गया कि इंडक्शन कार्यक्रम विद्यार्थियों को महाविद्यालय के शैक्षणिक वातावरण से परिचित कराने का एक महत्वपूर्ण माध्यम है।

उच्च शिक्षा में प्रवेश के बाद विद्यार्थियों के लिए पाठ्यक्रम, परीक्षा प्रणाली, अनुशासन, अध्ययन पद्धति तथा उपलब्ध शैक्षणिक अवसरों की जानकारी होना आवश्यक है। इस प्रकार के कार्यक्रम विद्यार्थियों में आत्मविश्वास बढ़ाने के साथ-साथ उन्हें नई शिक्षा व्यवस्था के अनुरूप स्वयं को तैयार करने में सहायता प्रदान करते हैं।कार्यक्रम में उपस्थित अतिथियों एवं वक्ताओं ने विद्यार्थियों को नियमित अध्ययन, समय प्रबंधन, अनुशासन तथा शैक्षणिक गतिविधियों में सक्रिय सहभागिता के माध्यम से बेहतर उपलब्धियां हासिल करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने विद्यार्थियों को अपनी प्रतिभा विकसित करने, ज्ञान के नए क्षेत्रों से जुडऩे तथा उच्च शिक्षा के अवसरों का सदुपयोग करने का संदेश दिया।


अन्य पोस्ट