कोण्डागांव

कलेक्टर के फर्जी हस्ताक्षर से स्कूलों में छुट्टी का आदेश वायरल, अज्ञात परएफआईआर
29-Oct-2026 9:28 PM
कलेक्टर के फर्जी हस्ताक्षर से स्कूलों में छुट्टी का आदेश वायरल, अज्ञात परएफआईआर

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

कोण्डागांव, 29 अक्टूबर। जिले में 29 अक्टूबर को स्कूलों में अवकाश घोषित करने के नाम पर कलेक्टर के फर्जी हस्ताक्षर और पदमुद्रा का इस्तेमाल कर 28 अक्टूबर की शाम एक फर्जी आदेश सोशल मीडिया पर प्रसारित करने का मामला सामने आया है। जिला शिक्षा अधिकारी भारती प्रधान की शिकायत पर कोण्डागांव थाना में अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है। पुलिस ने बीएनएस की धारा 336(4) और 340(2) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

जिला शिक्षा अधिकारी भारती प्रधान ने बताया कि सोशल मीडिया के विभिन्न व्हाट्सएप ग्रुपों में 29 अक्टूबर को जिले के सभी स्कूलों में छुट्टी घोषित करने संबंधी एक पत्र वायरल किया गया था। पत्र में चक्रवाती तूफान और भारी बारिश की संभावना का हवाला दिया गया था। इसमें कलेक्टर के फर्जी हस्ताक्षर का इस्तेमाल किया गया था, जबकि जिला प्रशासन की ओर से इस संबंध में कोई आधिकारिक आदेश जारी नहीं किया गया था। इस मामले में 29 अक्टूबर को कोण्डागांव थाना में एफआईआर दर्ज कराई गई है।

भारती प्रधान ने स्पष्ट किया कि शिक्षा मंत्री की घोषणा के अनुसार मौसम की स्थिति को देखते हुए 29 अक्टूबर को विद्यार्थियों के लिए अवकाश रखने के संबंध में कलेक्टर द्वारा निर्देश दिए गए थे। इसकी सूचना विभिन्न ग्रुपों में साझा की गई थी, लेकिन इसके लिए कोई लिखित आदेश जारी नहीं किया गया था। इसी बीच कलेक्टर के हस्ताक्षर वाला फर्जी पत्र वायरल हो गया। पुलिस अब फर्जी पत्र तैयार करने और उसे प्रसारित करने वाले व्यक्ति की पहचान करने में जुटी है।


अन्य पोस्ट