कोण्डागांव

दूरस्थ ग्राम में चलित थाना और सहयोग चौपाल
29-Oct-2026 9:23 PM
दूरस्थ ग्राम में चलित थाना और सहयोग चौपाल

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

कोंडागांव, 29 अक्टूबर। थाना ईरागांव पुलिस द्वारा ग्राम पडे में 27 अक्टूबर को एक दिवसीय सहयोग चौपाल चलित थाना शिविर का आयोजन किया गया। यह आयोजन विशेष रूप से इस क्षेत्र के पूर्व नक्सल प्रभाव से मुक्त होने के बाद पुलिस प्रशासन द्वारा ग्रामीणों के मुख्यधारा में पुनर्वास सुरक्षा और सामुदायिक पुलिसिंग को मजबूत करने के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत किया गया।

कभी बुनियादी सुविधाओं और विकास से दूर रहे इस अंचल में अब शांति और सुरक्षा की नई बयार बह रही है। इसी क्रम में पुलिस बल ने ग्रामीणों के बीच उनके ही गाँव में पहुँचकर उन्हें आधुनिक युग के अपराधों से सुरक्षित रहने और जागरूक नागरिक बनने के लिए प्रेरित किया। ग्रामीणों को साइबर अपराध से बचाव, यातायात नियम और सडक़ सुरक्षा, नशा मुक्ति अभियान, बाल लैंगिक अपराध और बच्चों की सुरक्षा के बारे जानकारी देकर जागरूक किया गया।

पुलिस अधिकारियों ने ग्रामीणों को आश्वस्त किया कि भयमुक्त समाज के निर्माण और उनके अधिकारों की रक्षा के लिए पुलिस बल चौबीसों घंटे उनके साथ खड़ा है।

इस चलित थाना शिविर के दौरान ग्रामीणों की छोटी.मोटी शिकायतों और समस्याओं को सुना गया और मौके पर ही उनका निराकरण करने का प्रयास किया गया। पूर्व नक्सल प्रभावित इस अंचल के ग्रामीणों ने पुलिस बल के इस आत्मीय और सुरक्षात्मक कदम का स्वागत किया। बड़ी संख्या में उपस्थित ग्राम प्रमुखों महिलाओं और युवाओं ने गाँव को अपराध मुक्त नशा मुक्त और सुरक्षित बनाने में पुलिस प्रशासन को पूर्ण सहयोग देने का संकल्प लिया।


अन्य पोस्ट