कोण्डागांव

अर्नब चक्रवात का असर: कोण्डागांव में बारिश से गिरा तापमान
28-Oct-2026 9:59 PM
अर्नब चक्रवात का असर: कोण्डागांव में बारिश से गिरा तापमान

 धान की फसल पर 50 फीसदी नुकसान की आशंका

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

कोण्डागांव, 28 अक्टूबर। आंध्रप्रदेश के तट से टकराए चक्रवात के असर से कोण्डागांव में बुधवार सुबह से मौसम बदल गया है। तडक़े से आसमान में घने बादल छाए रहे और हल्की बारिश शुरू हो गई। तेज हवाओं और बारिश के कारण तापमान में 6 से 7 डिग्री तक गिरावट महसूस की जा रही है। वहीं, धान की कटाई के बीच बिगड़े मौसम ने किसानों की चिंता बढ़ा दी है। किसानों ने फसल को करीब 50 फीसदी तक नुकसान होने की आशंका जताई है।

कोण्डागांव के किसान सुरेंद्र सोनपिपरे और शंभू यादव के अनुसार, इस समय खेतों में धान की कटाई चल रही है। कई किसानों की फसल अभी खड़ी है, जबकि कुछ ने धान काटकर खेतों में ही रखा है। ऐसे में बारिश से खड़ी फसल के गिरने, धान की बालियों के पानी में बहने और कटाई के बाद खेत में रखे धान के खराब होने का खतरा है। किसानों का कहना है कि नमी के कारण धान की गुणवत्ता प्रभावित होने पर मंडी और बाजार में उसे बेचने में भी परेशानी हो सकती है। इससे किसानों को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ सकता है।

इधर, मौसम में बदलाव और भारी बारिश की आशंका को देखते हुए जिला प्रशासन ने पहले ही बुधवार, 28 अक्टूबर को जिले के सभी शासकीय, अशासकीय और अनुदान प्राप्त स्कूलों में एक दिवसीय अवकाश घोषित किया है। कलेक्टर नूपुर राशि पन्ना के निर्देश पर विद्यार्थियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए यह फैसला लिया गया। प्रशासन ने राजस्व, पुलिस, नगरीय प्रशासन, पंचायत, स्वास्थ्य और विद्युत विभाग सहित संबंधित विभागों को अलर्ट रहने तथा आपात स्थिति से निपटने की तैयारी रखने के निर्देश दिए हैं।

प्रशासन ने नागरिकों से खराब मौसम के दौरान अनावश्यक रूप से घर से बाहर नहीं निकलने, नदी-नालों और जलभराव वाले क्षेत्रों से दूर रहने तथा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की है। वहीं, बारिश के बीच किसानों की नजर अब मौसम खुलने पर टिकी है, ताकि खेतों में खड़ी और कटी हुई धान की फसल को अधिक नुकसान से बचाया जा सके।


अन्य पोस्ट