कोण्डागांव
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
कोण्डागांव, 28 अक्टूबर। भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (सीपीआई) जिला परिषद कोण्डागांव ने साम्यवादी विचारधारा के प्रचार-प्रसार के उद्देश्य से जिला के माकड़ी तहसील में मंगलवार को बाइक रैली निकाली।
राज्य परिषद सदस्य एवं बस्तर संभाग संयोजक तिलक पाण्डे के निर्देश पर ग्राम एरला से शुरू हुई रैली में जिला सचिव शैलेष, सहायक सचिव जयप्रकाश और दिनेश सहित विभिन्न गांवों से पहुंचे पार्टी कार्यकर्ता शामिल हुए। लाल झंडे लेकर निकले कार्यकर्ताओं ने लाल सलाम के नारे लगाए और ग्रामीणों को पार्टी की विचारधारा से परिचित कराया।
रैली एरला से निकलकर तौरेंगा, हिरावण्डी, हिरापुर, कुरलूबहार, इंगरा, धारली, उड़ीदगांव, पीढ़ापाल और कलीबेड़ा होते हुए माकड़ी पहुंची, जहां इसका समापन हुआ। इस दौरान विभिन्न गांवों के चौक-चौराहों पर रुककर कार्यकर्ताओं ने किसानों, मजदूरों और आम लोगों के अधिकारों तथा शोषण और अन्याय के खिलाफ संघर्ष का संदेश दिया। पार्टी पदाधिकारियों के अनुसार, रैली का उद्देश्य ग्रामीणों के बीच सीपीआई की मौजूदगी और साम्यवादी विचारधारा के प्रति जागरूकता बढ़ाना था।