कोण्डागांव
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
कोण्डागांव, 28 अक्टूबर। जिला मुख्यालय कोण्डागांव के डीएनके मैदान में राजस्व पटवारी संघ की अनिश्चितकालीन हड़ताल 28 अक्टूबर को 16वें दिन भी जारी रही।
पटवारी पीवी ऐप के माध्यम से गिरदावरी कराने की प्रक्रिया में व्यावहारिक दिक्कतों, लंबित पदोन्नति और वेतन विसंगति सहित विभिन्न मांगों को लेकर 13 अक्टूबर से आंदोलन कर रहे हैं। संघ ने अब तक शासन-प्रशासन की ओर से सकारात्मक पहल नहीं होने की बात कही है। जिला अध्यक्ष विष्णु मरकाम ने बताया कि 28 अक्टूबर को प्रदेशभर के पटवारी काले कपड़े पहनकर बाइक रैली निकालेंगे और अपनी मांगों को लेकर विरोध प्रदर्शन करेंगे।
जिला अध्यक्ष विष्णु मरकाम के अनुसार, कोण्डागांव जिले में राजस्व सर्वेक्षण का काम ब्रिटिशकाल में वर्ष 1924-25 में हुआ था। इसके बाद नए सिरे से सर्वेक्षण नहीं होने के कारण राजस्व नक्शे और मौके की स्थिति में अंतर है, जिससे फसल गिरदावरी सहित कई कार्यों में परेशानी आती है। संघ का कहना है कि जिले में नक्शा बटांकन की स्थिति कमजोर होने के कारण डिजिटल क्रॉप सर्वे (डीसीएस) के तहत फसल प्रविष्टि का काम प्रभावित हो रहा है। पटवारी पीवी ऐप की व्यावहारिक समस्याओं को दूर करने, फसल गिरदावरी की प्रविष्टि के लिए पर्याप्त समय देने और ऐप के संबंध में की गई कार्रवाई निरस्त करने की मांग कर रहे हैं।
संघ के मुताबिक, जिले में पदस्थ 133 पटवारियों की हड़ताल से जाति, निवास और आय प्रमाण पत्रों के प्रतिवेदन, स्वामित्व योजना, विभागीय जांच, फसल गिरदावरी और धान पंजीयन से जुड़े कार्य प्रभावित हो रहे हैं। जिला अध्यक्ष ने बताया कि 15 नवंबर से धान खरीदी शुरू होने वाली है, लेकिन फसल प्रविष्टि नहीं होने के कारण किसान भी परेशान हैं। उन्होंने कहा कि अब तक संघ के प्रतिनिधिमंडल को चर्चा के लिए नहीं बुलाया गया है।