कोण्डागांव

पुलिस स्मृति दिवस पर शहीद शोभाराम मरकाम को दी श्रद्धांजलि
24-Oct-2026 9:45 PM
पुलिस स्मृति दिवस पर शहीद शोभाराम मरकाम को दी श्रद्धांजलि

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

 कोंडागांव, 24 अक्टूबर। शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, मसोरा में पुलिस स्मृति दिवस कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर गांव के अमर शहीद शोभा राम मरकाम को याद करते हुए उन्हें श्रद्धांजलि दी गई। कार्यक्रम का आयोजन विद्यालय की प्राचार्य रीबा जॉन के मार्गदर्शन में संपन्न हुआ।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि सरपंच सुक्ली बाई, विशिष्ट अतिथि शहीद शोभाराम मरकाम की पत्नी जानकी बाई, पुलिस विभाग के प्रतिनिधि उपनिरीक्षक (एसआई)  तपन मैति उपस्थित रहे।

कार्यक्रम का शुभारंभ अमर शहीद शोभा राम मरकाम के छायाचित्र पर माल्यार्पण, दीप प्रज्वलन एवं दो मिनट का मौन रखकर किया गया।

शहीद परिवार का सम्मान

 कार्यक्रम में विशेष रूप से उपस्थित शहीद की पत्नी जानकी बाई का सम्मान किया गया और उनके प्रति कृतज्ञता व्यक्त की गई।

विद्यालय की प्राचार्य रीबा जॉन ने कहा कि शहीदों का बलिदान सदैव देश और समाज के लिए प्रेरणास्रोत रहता है। विद्यार्थियों को उनके पदचिह्नों पर चलकर देश सेवा का संकल्प लेना चाहिए।

उपनिरीक्षक तपन मैति जी ने पुलिस स्मृति दिवस के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कर्तव्य पथ पर प्राण न्योछावर करने वाले वीरों के साहस और समर्पण को याद किया।

सरपंच सुक्ली बाई ने गांव के शहीद शोभाराम जी के योगदान को रेखांकित करते हुए उन्हें क्षेत्र का गौरव बताया।

कार्यक्रम के अंत में विद्यालय परिवार, उपस्थित पुलिस बल के अधिकारियों, शिक्षकों एवं छात्र-छात्राओं द्वारा शहीद शोभा राम मरकाम जी के अमर रहने के जयघोष के साथ श्रद्धांजलि अर्पित की गई।


अन्य पोस्ट