कोण्डागांव

27 फीसदी आरक्षण सहित 3 सूत्रीय मांगें, विधायक को ज्ञापन
19-Oct-2026 9:48 PM
27 फीसदी आरक्षण सहित 3 सूत्रीय मांगें, विधायक को ज्ञापन

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

कोण्डागांव, 19 अक्टूबर। छत्तीसगढ़ सर्व पिछड़ा वर्ग समाज द्वारा पिछड़ा वर्ग की विभिन्न मांगों को लेकर 18 अक्टूबर को बस्तर संभाग के विभिन्न विधानसभा क्षेत्रों में विधायकों एवं सांसदों को ज्ञापन सौंपा गया। इसी क्रम में कोण्डागांव विधायक लता उसेंडी को उनके निवास पर पहुंचकर समाज की तीन सूत्रीय मांगों के संबंध में ज्ञापन सौंपा गया। यह कार्यक्रम जिलाध्यक्ष रैमल दीवान के नेतृत्व में संपन्न हुआ।

समाज की प्रमुख मांगों में पिछड़ा वर्ग को 27 प्रतिशत आरक्षण प्रदान करना, राष्ट्रीय जनगणना में अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति की भांति अन्य पिछड़ा वर्ग के लिए भी अलग कॉलम निर्धारित करना तथा पांचवीं अनुसूची एवं पेसा क्षेत्र में निवासरत मूलनिवासी समाज को भी नियमानुसार सुविधाएं एवं अधिकार उपलब्ध कराना शामिल है।

छत्तीसगढ़ सर्व पिछड़ा वर्ग समाज का कहना है कि पिछड़ा वर्ग की वास्तविक जनसंख्या के अनुरूप प्रतिनिधित्व सुनिश्चित करने, सामाजिक न्याय स्थापित करने तथा संवैधानिक अधिकारों की प्राप्ति के लिए इन मांगों पर गंभीरता से विचार किया जाना आवश्यक है। इसी उद्देश्य से जनप्रतिनिधियों को ज्ञापन सौंपकर समाज की मांगों को शासन तक पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है।

ज्ञापन सौंपने के दौरान पुलिस विभाग द्वारा सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे। इस अवसर पर संभागीय संगठन महामंत्री नीलकंठ शार्दूल, जिला महामंत्री मनोज देवांगन, मुख्य संरक्षक अमित गुप्ता, सलाहकार भारत जैन, कर्मचारी प्रकोष्ठ के जिलाध्यक्ष रामदेव कौशिक, चमन वर्मा,कृष्ण मानिकपुरी (जिला मीडिया प्रभारी), विकासखंड प्रमुख हरिशंकर देवांगन, आनंद पवार,  डमरुधर यादव, प्रकाश सेठिया, आदि उपस्थित रहे।


अन्य पोस्ट