कोण्डागांव

विधायक ने 1 करोड़ से नवनिर्मित विद्यालय भवन का किया लोकार्पण
16-Oct-2026 10:09 PM
विधायक ने 1 करोड़ से नवनिर्मित विद्यालय भवन का किया लोकार्पण

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

कोण्डागांव, 16 अक्टूबर। बस्तर विकास प्राधिकरण की उपाध्यक्ष एवं कोण्डागांव विधायक लता उसेंडी ने बुधवार को कोण्डागांव विकासखण्ड अंतर्गत ग्राम चिलपुटी में 1.06 करोड़ की लागत से शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय के नवनिर्मित भवन का लोकार्पण किया। इस अवसर पर उन्होंने ग्रामवासियों सहित विद्यालय के सभी शिक्षकों एवं विद्यार्थियों को शुभकामनाएं देते हुए नए भवन में बेहतर शैक्षणिक वातावरण के बीच गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्राप्त करने के लिए प्रेरित किया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक लता उसेंडी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में सरकार द्वारा हर वर्ग के कल्याण और लोगों के जीवन स्तर को बेहतर बनाने के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने विद्यार्थियों को प्रेरित करते हुए कहा कि वे नए विद्यालय भवन में नई ऊर्जा और उत्साह के साथ मन लगाकर पढ़ाई करें तथा आगे बढ़ते हुए अपने भविष्य को उज्ज्वल बनाएं। उन्होंने कहा कि उच्च शिक्षा प्राप्त करने के लिए भी सरकार द्वारा विभिन्न योजनाएं संचालित की जा रही हैं। विद्यार्थियों को अपनी पढ़ाई पर ध्यान केंद्रित करें और उपलब्ध अवसरों का लाभ उठाएं। सरकार  विद्यार्थियों को आगे बढऩे के लिए हरसंभव सहयोग देने के लिए प्रतिबद्ध है।

उन्होंने पर्यावरण संरक्षण के महत्व पर जोर देते हुए विद्यार्थियों एवं उपस्थित जनसमुदाय से ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत अधिक से अधिक पौधे लगाने तथा उनकी देखभाल करने की अपील की। उन्होंने कहा कि पर्यावरण को सुरक्षित रखना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।

विद्यालय परिसर में विधायक सुश्री लता उसेंडी एवं उपस्थित जनप्रतिनिधियों द्वारा एक पेड़ मां के नाम अभियान अंतर्गत पौधरोपण भी किया गया। इस अवसर पर पूर्व विधायक सेवकराम नेताम, राज्य तीरंदाजी संघ के उपाध्यक्ष  दीपेश अरोरा, जनपद पंचायत माकड़ी की अध्यक्ष जुगबती पोयाम, जनपद पंचायत कोण्डागांव के उपाध्यक्ष टोमेंद्र ठाकुर, जिला पंचायत सदस्य नंद लाल राठौर, जनपद सदस्य  ममता नेताम,  उपस्थित रहे।


अन्य पोस्ट