कोण्डागांव
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
कोण्डागांव, 16 अक्टूबर। सिटी कोतवाली कोण्डागांव अंतर्गत नेशनल हाईवे 30 पर दहीकोंगा के पास 14 अक्टूबर की देर रात दो बाइकों के बीच टक्कर हो गई। हादसे में दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन अन्य घायल हो गए।
मृतकों की पहचान काकड़ाबेड़ा निवासी आयतु राम मंडावी पिता मंगलू राम मंडावी और नारायणपुर जिले के सुलेंगा निवासी अमित बेसरा पिता गुरमीत के रूप में हुई है।
जानकारी के अनुसार, आयतु राम मंडावी अपने साथ सोनबती कश्यप पिता मंचू निवासी लोहड़ीगुड़ा क्षेत्र और कुंडुम निवासी एरमुंड निवासी लोहड़ीगुड़ा क्षेत्र के साथ अपने गांव काकड़ाबेड़ा लौट रहे थे। वहीं, नारायणपुर जिले के कोलियाभाटा निवासी मोहन नेताम पिता नरसू नेताम अपने साथी अमित बेसरा के साथ नारायणपुर से बेहड़ा जा रहे थे। इसी दौरान दहीकोंगा के पास दोनों बाइकों की टक्कर हो गई। हादसे के बाद घायलों को जिला अस्पताल कोण्डागांव लाया गया।
जिला अस्पताल में पदस्थ डॉ. सोनाली मित्रा ने बताया कि हादसे में गंभीर हालत में पांच लोगों को अस्पताल लाया गया था, जिनमें से दो को मृत घोषित कर दिया गया। घायलों में एक की हालत गंभीर है, जबकि दो अन्य का इलाज जारी है।
उन्होंने बताया कि घायलों को सिर में चोट आई है। सीटी स्कैन के बाद उनकी आगे की स्थिति और उपचार के संबंध में निर्णय लिया जाएगा।