कोण्डागांव

तेंदुए के हमले में जख्मी गर्भवती की मौत
16-Oct-2026 10:04 PM
 तेंदुए के हमले में जख्मी गर्भवती की मौत

कोंडागांव, 16 अक्टूबर। तेंदुए के हमले ने एक परिवार की खुशियां छीन लीं। बस्तर बुडरा गांव में तेंदुए के हमले में घायल हुई छह माह की गर्भवती रामशिला मंडावी की इलाज के दौरान मौत हो गई। इस घटना में रामशिला के साथ उसके गर्भ में पल रहे छह माह के बच्चे की जिंदगी भी खत्म हो गई। वहीं, उसकी दो साल की मासूम बच्ची के सिर से हमेशा के लिए मां का साया उठ गया।

ज्ञात हो कि बस्तर बुडरा गांव में तेंदुए के हमले में कुल पांच लोग घायल हुए थे, जिनमें दो महिलाएं शामिल थीं। घायलों में रामशिला मंडावी भी थी, जो छह माह की गर्भवती थी। गंभीर हालत में उसे जिला अस्पताल रेफर किया गया था। जिंदगी और मौत के बीच रामशिला 12 घंटे से अधिक समय तक संघर्ष करती रही, लेकिन आखिरकार उसकी सांसें थम गईं।

रामशिला की मौत की खबर मिलते ही परिजनों और गांव में मातम छा गया। जिस मां की गोद में दो साल की बच्ची खेलती थी, वह अब हमेशा के लिए उससे बिछड़ गई। परिवार को जिस नन्हे मेहमान के आने का इंतजार था, वह भी दुनिया में आने से पहले ही मां के साथ विदा हो गया।

इधर, केशकाल वन विभाग ने पीडि़त परिवार को हरसंभव मदद देने की बात कही है।


अन्य पोस्ट