कोण्डागांव

राष्ट्रीय स्तर पर छत्तीसगढ़ का प्रतिनिधित्व कर रही कोण्डागांव की छात्रा मिथिला कोर्राम
14-Oct-2026 9:41 PM
राष्ट्रीय स्तर पर छत्तीसगढ़ का प्रतिनिधित्व कर रही कोण्डागांव की छात्रा मिथिला कोर्राम

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

कोण्डागांव, 14 अक्टूबर। छत्तीसगढ़ के कोंडागांव जिले के शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय बड़े बेंद्री की छात्रा मिथिला कोर्राम नई दिल्ली स्थित भारत मंडपम में आयोजित राष्ट्रीय स्तर की इंस्पायर अवॉर्ड मानक प्रतियोगिता में छत्तीसगढ़ का प्रतिनिधित्व कर रही हैं। 12 से 14 अक्टूबर तक आयोजित इस प्रतियोगिता में राज्य स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन के आधार पर उनका चयन हुआ है।

मिथिला कोर्राम ने विद्यालय के प्राचार्य संजय ठाकुर, मार्गदर्शक शिक्षक अंकित गुप्ता, दिलीप कश्यप, तथा शिक्षिका सरिता मांझी एवं अली बख्श शेख के सहयोग से यह उपलब्धि हासिल की है।

ज्ञात हो कि शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय बड़े बेंद्री में रसायन के व्याख्याता अंकित गुप्ता के मार्गदर्शन में विद्यार्थियों ने विभिन्न विज्ञान प्रतियोगिताओं में प्रदर्शन किया है। पिछले वर्ष भोपाल में आयोजित राष्ट्रीय बाल वैज्ञानिक प्रदर्शनी में विद्यालय के विद्यार्थियों ने हिस्सा लिया था। इसके अलावा, जशपुर, अंबिकापुर और अन्य वर्षों में आयोजित राज्य स्तरीय बाल वैज्ञानिक प्रदर्शनियों में विद्यालय की विज्ञान प्रदर्शनियों ने प्रथम स्थान प्राप्त किया है। सूरजपुर में आयोजित पश्चिम भारत विज्ञान मेले में विद्यालय ने द्वितीय स्थान हासिल किया था। वर्ष 2019 से विद्यालय के विद्यार्थियों के विज्ञान आधारित नवाचारी विचारों का इंस्पायर अवॉर्ड मानक प्रतियोगिता के लिए चयन होता आ रहा है।

साथ ही, राष्ट्रीय बाल विज्ञान कांग्रेस की राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में भी विद्यालय के विद्यार्थी प्रतिनिधित्व कर चुके हैं।

विद्यालय में विद्यार्थियों के लिए प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता, मानव श्रृंखला, जागरूकता अभियान एवं साइंस टॉक जैसी गतिविधियाँ आयोजित की जाती हैं, जिससे विद्यार्थियों को विज्ञान को व्यावहारिक जीवन से जोडऩे का अवसर मिलता है।

मिथिला कोर्राम का चयन

मिथिला कोर्राम का राष्ट्रीय स्तर की इंस्पायर अवॉर्ड मानक प्रतियोगिता के लिए चयन हुआ है। ग्रामीण अंचल के शासकीय विद्यालय की छात्रा का नई दिल्ली के भारत मंडपम में छत्तीसगढ़ का प्रतिनिधित्व करना क्षेत्र के विद्यार्थियों के लिए एक अवसर है।

 विद्यालय परिवार को उम्मीद है कि मिथिला राष्ट्रीय स्तर पर छत्तीसगढ़ और कोंडागांव जिले का प्रतिनिधित्व करेंगी।


अन्य पोस्ट