कोण्डागांव
नवरात्र में भक्ति के साथ सेवा का संदेश
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
कोंडागांव, 14 अक्टूबर। शारदीय नवरात्र के अवसर पर गुजराती समाज कोंडागांव द्वारा प्रतिवर्ष की भांति इस वर्ष भी गुजरात की पारंपरिक धार्मिक एवं सांस्कृतिक परंपराओं के अनुसार मां दुर्गा की विधि-विधान से पूजा-अर्चना की जा रही है। समाज के पुरुष एवं महिलाएं पारंपरिक गुजराती वेशभूषा में प्रतिदिन गरबा और डांडिया नृत्य के माध्यम से मां की आराधना कर रहे हैं। भक्तिमय वातावरण और उत्साह के बीच इस वर्ष समाज ने ‘9 दिन-9 संकल्प-9 दान’ की अभिनव पहल कर आयोजन को सेवा और सामाजिक सरोकारों से जोडऩे का प्रयास किया है।
इस पहल का उद्देश्य नवरात्र के प्रत्येक दिन एक सकारात्मक संकल्प के माध्यम से समाज में सेवा, सहयोग और परोपकार की भावना को प्रोत्साहित करना है।
इसके अंतर्गत जरूरतमंदों को भोजन, वस्त्र और स्वास्थ्य संबंधी सहायता, बच्चों की शिक्षा में सहयोग, जल संरक्षण, स्वच्छता, पशु-पक्षियों के प्रति संवेदना, पर्यावरण संरक्षण, पौधारोपण तथा जरूरतमंदों की यथासंभव मदद जैसे विषयों के माध्यम से दान और सेवा का महत्व बताया जा रहा है। संदेश यह है कि दान केवल धन से नहीं, बल्कि समय, श्रम, ज्ञान और संवेदना से भी किया जा सकता है।
नि:शुल्क पौधा वितरण से पर्यावरण संरक्षण का संदेश
समाज द्वारा नि:शुल्क पौधा वितरण कर लोगों को वृक्षारोपण और पौधों की नियमित देखभाल के लिए प्रेरित किया जा रहा है। इस पहल के माध्यम से हरित पर्यावरण के निर्माण और आने वाली पीढिय़ों के प्रति जिम्मेदारी निभाने का संदेश दिया जा रहा है।