कोण्डागांव

राज्य स्तर वॉलीबॉल स्पर्धा में गुण्डाधुर महाविद्यालय के 2 खिलाडिय़ों का चयन
13-Oct-2026 10:18 PM
राज्य स्तर वॉलीबॉल स्पर्धा में गुण्डाधुर महाविद्यालय के 2 खिलाडिय़ों का चयन

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

 कोंडागांव, 13 अक्टूबर। शासकीय गुण्डाधुर स्नातकोत्तर महाविद्यालय, कोंडागांव के विद्यार्थी  भगत राम नेताम एवं प्रकाश दुग्गा का उच्च शिक्षा विभाग, छत्तीसगढ़ शासन द्वारा आयोजित राज्य स्तरीय वॉलीबॉल पुरुष प्रतियोगिता के लिए चयन हुआ है। दोनों खिलाड़ी राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में कांकेर सेक्टर का प्रतिनिधित्व करेंगे। प्रतियोगिता पूर्व विशेष प्रशिक्षण शिविर शासकीय गुण्डाधुर स्नातकोत्तर महाविद्यालय कोंडागांव में 10 से 11 अक्टूबर को लगाया गया।

राज्य स्तरीय वॉलीबॉल पुरुष प्रतियोगिता का आयोजन  13 एवं 14 अक्टूबर को सत्यनारायण अग्रवाल शासकीय महाविद्यालय, कोहका-तिल्दा में किया जाएगा। इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता में चयनित होकर दोनों खिलाडिय़ों ने महाविद्यालय एवं कोंडागांव जिले को गौरवान्वित किया है। उनकी इस उपलब्धि से महाविद्यालय परिवार में हर्ष का माहौल है।

महाविद्यालय की प्राचार्य  डॉ. सरला आत्राम  ने भगत राम नेताम एवं प्रकाश दुग्गा को इस उपलब्धि पर बधाई देते हुए राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए शुभकामनाएँ दीं।

 उन्होंने कहा कि खेल विद्यार्थियों में अनुशासन, आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता एवं टीम भावना का विकास करते हैं। महाविद्यालय में खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करना तथा उन्हें आगे बढऩे के अवसर उपलब्ध कराना निरंतर प्राथमिकता है।

महाविद्यालय के क्रीड़ा अधिकारी  एच. आर. यदु ने बताया कि प्राचार्य डॉ सरला आत्राम के मार्गदर्शन में उच्च शिक्षा विभाग, छत्तीसगढ़ शासन द्वारा जारी खेल कैलेंडर के अनुसार विभिन्न खेलों का नियमित अभ्यास एवं प्रशिक्षण कराया जाता है।

इसका उद्देश्य विद्यार्थियों की खेल क्षमता को निखारना, तकनीकी कौशल में सुधार करना तथा उन्हें सेक्टर, राज्य एवं विश्वविद्यालय स्तर की प्रतियोगिताओं के लिए तैयार करना है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि दोनों खिलाड़ी राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में अपने उत्कृष्ट खेल प्रदर्शन से महाविद्यालय का नाम रोशन करेंगे।

दोनों खिलाडिय़ों की इस उपलब्धि पर महाविद्यालय के समस्त प्राध्यापकों, कर्मचारियों एवं छात्र-छात्राओं ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उन्हें बधाई दी और प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन के लिए शुभकामनाएँ प्रेषित कीं।


अन्य पोस्ट