कोण्डागांव
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
कोण्डागांव, 11 अक्टूबर। कोण्डागांव पुलिस लाइन में 8 से 10 अक्टूबर तक तीन दिवसीय बस्तर पुलिस क्रिकेट लीग का आयोजन किया गया। इस प्रतियोगिता में बस्तर रेंज के सातों जिलों (बस्तर, कोण्डागांव, कांकेर, नारायणपुर, दंतेवाड़ा, बीजापुर और सुकमा) की पुलिस टीमों ने हिस्सा लिया।
प्रतियोगिता का शुभारंभ वन मंत्री केदार कश्यप द्वारा किया गया। पुलिस अधीक्षक पंकज चंद्रा के नेतृत्व में आयोजित इस स्पर्धा का मुख्य उद्देश्य पुलिस बल में खेल भावना, अनुशासन, शारीरिक फिटनेस और आपसी समन्वय को बढ़ावा देना रहा।
बस्तर के पुलिस महानिरीक्षक बी.एन. मीना ने स्वयं मैदान पर उतरकर क्रिकेट खेला और जवानों का उत्साहवर्धन किया। उन्होंने खेल को पुलिस बल की मानसिक दक्षता और टीम भावना के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण बताया।
पहला सेमीफाइनल: कांकेर पुलिस ने कोण्डागांव को हराकर फाइनल में जगह बनाई। दूसरा सेमीफाइनल: नारायणपुर पुलिस ने सुकमा को हराकर फाइनल में प्रवेश किया।
10 अक्टूबर को कांकेर और नारायणपुर पुलिस टीमों के बीच रोमांचक फाइनल मुकाबला खेला गया। दोनों टीमों ने प्रतियोगिता के दौरान उत्कृष्ट खेल प्रदर्शन करते हुए फाइनल तक का सफर तय किया। फाइनल मुकाबले में खिलाडिय़ों के बीच प्रतिस्पर्धा एवं खेल भावना देखने को मिली।