कोण्डागांव
परिजनों ने उठाए सवाल
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
कोण्डागांव, 10 अक्टूबर। कोण्डागांव जिले के गोलावंड स्थित संयुक्त एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय के छात्रावास से शुक्रवार रात तीन छात्राएं बाहर निकलकर ग्राम पंचायत सरपंच अनीता के घर पहुंच गईं। रात करीब 7.30 बजे अचानक छात्राओं के सरपंच के घर पहुंचने से वह भी हैरान रह गईं। इसके बाद उन्होंने डायल 112 को सूचना दी। पुलिस तीनों छात्राओं को थाने ले गई और आवश्यक कार्रवाई के बाद रात करीब 11.30 बजे उन्हें उनके परिजनों के पास पहुंचाया गया। घटना के बाद छात्रावास की व्यवस्था और विद्यार्थियों की सुरक्षा को लेकर सवाल उठने लगे हैं।
मामले की जानकारी मिलने पर शनिवार को जनपद पंचायत कोण्डागांव की अध्यक्ष अनीता कोर्राम, आदिम जाति कल्याण विभाग के सहायक आयुक्त कृपेंद्र तिवारी, सरपंच अनीता, छात्राओं के परिजन और अन्य लोग विद्यालय पहुंचे। यहां मामले की जानकारी लेकर जांच की जा रही है।
छात्राओं के परिजन ने बताया कि उनकी बेटी तीन अन्य छात्राओं के साथ रात में छात्रावास से निकलकर गोलावंड में सरपंच के घर पहुंची थी। इसके बाद पुलिस उन्हें थाने ले गई और रात करीब 11.30 बजे उनके क्वार्टर तक छोड़ गई। परिजनों ने छात्रावास की व्यवस्थाओं को लेकर भी सवाल उठाए हैं।
जनपद पंचायत अध्यक्ष अनीता कोर्राम ने बताया कि उन्हें तीन छात्राओं के छात्रावास से बाहर जाने की जानकारी मिली थी। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, छात्राएं किसी डर के कारण बाहर निकली थीं और सरपंच के घर पहुंच गई थीं। वहीं, सहायक आयुक्त कृपेंद्र तिवारी ने बताया कि छात्रावास परिसर से बाहर गईं तीनों छात्राओं को सुरक्षित वापस लाया गया। परिजनों से बातचीत में सामने आया कि छात्राओं ने रात में छात्रावास में डर लगने और असहज महसूस होने की बात कही है। उन्होंने बताया कि छात्रावास के संबंधित हाउस मास्टरों को तलब किया गया है। जांच में यदि कोई जिम्मेदार पाया जाता है तो उसके विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी।
एसडीएम किशोर शर्मा ने कहा कि प्रशासन घटना के मूल कारणों का पता लगाएगा। यह जांच की जाएगी कि छात्राओं को छात्रावास से बाहर जाने की स्थिति क्यों बनी और भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए क्या कदम उठाए जा सकते हैं। फिलहाल छात्राओं के छात्रावास से बाहर निकलने के वास्तविक कारण स्पष्ट नहीं हुए हैं। जांच के बाद ही स्थिति साफ हो सकेगी।