कोण्डागांव

राष्ट्रीय स्तर की इंस्पायर अवॉर्ड मानक प्रतियोगिता में शामिल होंगी बड़े बेंद्री की छात्रा मिथिला कोर्राम
09-Oct-2026 9:22 PM
राष्ट्रीय स्तर की इंस्पायर अवॉर्ड मानक प्रतियोगिता में शामिल होंगी बड़े बेंद्री की छात्रा मिथिला कोर्राम

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

कोंडागांव, 9 अक्टूबर। शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय बड़े बेंद्री की छात्रा मिथिला कोर्राम राष्ट्रीय स्तर की इंस्पायर अवॉर्ड मानक प्रतियोगिता में छत्तीसगढ़ का प्रतिनिधित्व करेंगी। राष्ट्रीय स्तर की यह प्रतियोगिता 12 से 14 अक्टूबर तक दिल्ली में आयोजित होगी। राज्य स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन के आधार पर मिथिला का चयन राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता के लिए हुआ है। उनकी इस उपलब्धि से विद्यालय सहित क्षेत्र में हर्ष का माहौल है।

मिथिला कोर्राम ने विद्यालय के प्राचार्य संजय ठाकुर के संरक्षण तथा मार्गदर्शक शिक्षक अंकित गुप्ता एवं दिलीप कश्यप के मार्गदर्शन में यह सफलता हासिल की है। इस उपलब्धि में विद्यालय के शिक्षक अली बख्श शेख एवं सरिता मांझी का भी विशेष सहयोग रहा। सभी शिक्षकों के मार्गदर्शन एवं सहयोग से मिथिला को राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता तक पहुँचने का अवसर मिला।

राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता में शामिल होने से पूर्व मिथिला ने विद्यालय के प्राचार्य संजय ठाकुर एवं मार्गदर्शक शिक्षक अंकित गुप्ता के साथ कलेक्टर कोंडागांव सुश्री नूपुर राशि पन्ना से सौजन्य मुलाकात की। इस अवसर पर जिला शिक्षा अधिकारी श्रीमती भारती प्रधान एवं इंस्पायर अवॉर्ड के जिला नोडल अधिकारी सियाराम नेताम भी उपस्थित रहे।

  • कलेक्टर नूपुर राशि पन्ना एवं जिला शिक्षा अधिकारी भारती प्रधान ने मिथिला को राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता में बेहतर प्रदर्शन के लिए शुभकामनाएँ दीं। उन्होंने छात्रा का उत्साहवर्धन करते हुए उसका मनोबल बढ़ाया और उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

अन्य पोस्ट