कोण्डागांव
विधायक ने दिया रोजगार के अवसर बढ़ाने पर जोर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
कोंडागांव, 9 अक्टूबर। बस्तर विकास प्राधिकरण की उपाध्यक्ष एवं कोंडागांव विधायक सुश्री लता उसेंडी ने बुधवार को माकड़ी में विभिन्न विकास कार्यों का भूमिपूजन किया। इस दौरान उन्होंने क्षेत्रवासियों को विकास कार्यों की सौगात देते हुए माकड़ी को रोजगार और मूलभूत सुविधाओं के विस्तार की दिशा में आगे बढ़ाने की बात कही।
विधायक लता उसेंडी ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के 25 वर्ष के सेवा कार्य पूर्ण होने के अवसर पर सेवा संकल्प अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में आज माकड़ी क्षेत्र में विभिन्न विकास कार्यों का भूमिपूजन किया गया है। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में रोजगार के संसाधनों को बढ़ाने के लिए कोंडागांव में स्थापित गारमेंट फैक्ट्री की तर्ज पर माकड़ी में भी गारमेंट फैक्ट्री स्थापित की जा रही है। इसके शुरू होने से क्षेत्र की लगभग 150 महिलाओं को रोजगार के अवसर प्राप्त होंगे।
उन्होंने कहा कि माकड़ी क्षेत्र में मूलभूत सुविधाओं के विस्तार के लिए लगातार कार्य किए जा रहे हैं। जिले में जल्द ही सब्जी मंडी की सुविधा उपलब्ध कराने की दिशा में कार्य किया जा रहा है। वहीं माकड़ी विकासखंड के ग्राम तितना में नर्सरी विकसित करने की कार्ययोजना भी शुरू की जा रही है, जिससे किसानों को सुविधा मिलेगी।
विधायक सुश्री उसेंडी ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में महिलाओं के आर्थिक एवं सामाजिक सशक्तिकरण के लिए लखपति दीदी, महतारी वंदन योजना सहित विभिन्न योजनाएं संचालित की जा रही हैं। प्रधानमंत्री आवास योजना के माध्यम से गरीब परिवारों को पक्के आवास उपलब्ध कराए जा रहे हैं। वहीं विकसित भारत-जी राम जी योजना के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्रों में 125 दिनों के रोजगार का प्रावधान किया गया है।
उन्होंने कहा कि शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के माध्यम से नागरिकों को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने और क्षेत्र के समग्र विकास की दिशा में निरंतर कार्य किया जा रहा है।
कलेक्टर नूपुर राशि पन्ना ने कहा कि माकड़ी को रोजगार हब के रूप में विकसित करने की दिशा में कार्य किया जा रहा है। इसी क्रम में आज गारमेंट फैक्ट्री के निर्माण का भूमिपूजन किया गया है। फैक्ट्री के शुरू होने से क्षेत्र की महिलाओं के लिए स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर बढ़ेंगे और उन्हें आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनने में सहायता मिलेगी।