कोण्डागांव

उत्कृष्ट कार्य करने वाले पुलिस कर्मी सम्मानित
09-Oct-2026 9:17 PM
 उत्कृष्ट कार्य करने वाले पुलिस कर्मी सम्मानित

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

कोण्डागांव, 9 अक्टूबर। जिले में कानून व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाने, अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित करने तथा लंबित प्रकरणों का शीघ्र निराकरण सुनिश्चित करने के उद्देश्य से जिला पुलिस कार्यालय, कोण्डागांव में विशेष अपराध समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता पुलिस अधीक्षक पंकज चन्द्रा  ने की। बैठक में समस्त राजपत्रित अधिकारी, अनुविभागीय अधिकारी तथा थाना/चौकी प्रभारी उपस्थित रहे।

बैठक के दौरान उत्कृष्ट कार्य करने वाले पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को उनके सराहनीय योगदान के लिए सम्मानित भी किया गया। कॉप ऑफ द मंथ सम्मान उप पुलिस अधीक्षक  स्निग्धा सिंह, निरीक्षक आलोक साहू तथा प्रधान आरक्षक  पन्नालाल देहारी को प्रदान किया गया। एम्पलाई ऑफ द मंथ सम्मान प्रधान आरक्षक लुमन सिंह भण्डारी, आरक्षक बालचन्द नेताम तथा आरक्षक बीजू यादव को उत्कृष्ट कार्य निष्पादन के लिए प्रदान किया गया।

बैठक के दौरान पुलिस अधीक्षक ने जिले की कानून व्यवस्था, लंबित अपराध प्रकरणों, शिकायतों के निराकरण, विवेचना की प्रगति तथा विभिन्न शाखाओं के कार्यों की विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने सभी अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि प्रत्येक शिकायत का समयबद्ध, निष्पक्ष और गुणवत्तापूर्ण निराकरण सुनिश्चित किया जाए।

गंभीर एवं लंबित अपराधों में विवेचना शीघ्र पूर्ण कर न्यायालय में चालान प्रस्तुत किए जाएं, ताकि अपराधियों को समय पर दंड मिल सके।

इसके अतिरिक्त फरार आरोपियों की गिरफ्तारी, लंबित समन एवं वारंटों की शत-प्रतिशत तामिली, आदतन अपराधियों एवं असामाजिक तत्वों के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई, नियमित रात्रि गश्त, सीमावर्ती क्षेत्रों में सघन चेकिंग तथा विजिबल पुलिसिंग बढ़ाने के निर्देश दिए गए। सोशल मीडिया की निरंतर निगरानी कर अफवाह एवं भ्रामक सूचना फैलाने वालों पर त्वरित वैधानिक कार्रवाई करने तथा साइबर अपराध, ऑनलाइन बैंकिंग एवं एटीएम धोखाधड़ी, डिजिटल सुरक्षा और यातायात नियमों के संबंध में व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाने के निर्देश भी दिए गए।

पुलिस अधीक्षक ने थाना प्रभारियों को सामुदायिक पुलिसिंग को और प्रभावी बनाने, ग्राम स्तर पर जनसंवाद बढ़ाने, फरियादियों के साथ संवेदनशील एवं सम्मानजनक व्यवहार करने तथा अभियोजन अधिकारियों के साथ बेहतर समन्वय स्थापित कर न्यायालय में दोषसिद्धि प्रतिशत बढ़ाने के विशेष प्रयास करने के निर्देश दिए।


अन्य पोस्ट