कोण्डागांव
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
कोण्डागांव, 8 अक्टूबर। जिला मुख्यालय में बुधवार को भाजपा के सेवा संकल्प अभियान के तहत सेवा ज्योति यात्रा और विकसित भारत सभा का आयोजन किया गया। स्थानीय एनसीसी मैदान में आयोजित कार्यक्रम में कोण्डागांव विधायक लता उसेंडी मुख्य रूप से मौजूद रहे। कार्यक्रम में जिलेभर से भाजपा कार्यकर्ता और पदाधिकारी शामिल हुए।
कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मुख्यमंत्री और प्रधानमंत्री के रूप में 25 वर्ष की जनसेवा पूर्ण होने के अवसर पर सेवा ज्योति कलश का प्रज्वलन किया गया। इस दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का संबोधन भी सीधे प्रसारित किया गया। इसके बाद एनसीसी ग्राउंड से सेवा ज्योति यात्रा और पदयात्रा रैली निकाली गई, जो गुंडाधुर महाविद्यालय मैदान तक पहुंची। भाजपा कार्यकर्ताओं ने वाहनों में पार्टी का झंडा लगाकर रैली में सहभागिता की।
विधायक लता उसेंडी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुजरात के मुख्यमंत्री से लेकर देश के प्रधानमंत्री तक 25 वर्षों की जनसेवा और राष्ट्रसेवा की यात्रा पूरी की है। उन्होंने कहा कि गुजरात के विकास से लेकर वर्तमान में देश के विकास तक प्रधानमंत्री का अथक परिश्रम और राष्ट्र के प्रति समर्पण दिखाई देता है।
प्रधानमंत्री के 25 वर्ष के सेवा कार्य पूर्ण होने पर उन्हें बधाई देते हुए लता उसेंडी ने कहा कि 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं और इसी क्रम में कोण्डागांव में सेवा ज्योति यात्रा तथा विकसित भारत संकल्प सभा का आयोजन किया गया।