कोण्डागांव
विकसित भारत की थीम पर हुई प्रतियोगिताएं
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
कोण्डागांव, 8 अक्टूबर। शासकीय गुण्डाधूर महाविद्यालय कोण्डागांव में बुधवार को सेवा फर्स्ट-इनोवेशन चैलेंज कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत राष्ट्रगीत वंदे मातरम् के साथ हुई। कार्यक्रम में कोण्डागांव विधायक लता उसेंडी, जिला पंचायत अध्यक्ष रीता सोरी, नगर पालिका अध्यक्ष नरपति पटेल और उपाध्यक्ष जसकेतु उसेंडी उपस्थित रहे। कार्यक्रम का आयोजन वाणिज्य एवं उद्योग विभाग, जिला व्यापार एवं उद्योग केन्द्र कोण्डागांव द्वारा किया गया।
कार्यक्रम में कॉलेज और स्कूल के विद्यार्थियों के लिए विकसित भारत की थीम पर विभिन्न प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। इनमें महिलाओं की सुरक्षा, उद्योग, कृषि, व्यापार सहित विभिन्न क्षेत्रों से जुड़े विषयों पर विद्यार्थियों ने अपनी प्रस्तुतियां दीं। विधायक लता उसेंडी ने बताया कि 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक आयोजित कार्यक्रमों के तहत यह प्रतियोगिता रखी गई है। उन्होंने कहा कि प्रतियोगिता में चयनित प्रतिभागी जोन स्तर पर जाएंगे और वहां से राष्ट्रीय स्तर तक पहुंचने वाले प्रतिभागियों के लिए पुरस्कार रखे गए हैं। राष्ट्रीय स्तर पर 10 लाख रुपये के पुरस्कार के साथ पूरे देश में कुल 5 करोड़ रुपये के पुरस्कार निर्धारित किए गए हैं।
कार्यक्रम के दौरान एनएसएस के छात्र-छात्राओं ने सर्जिकल स्ट्राइक का मंचन कर प्रस्तुति दी। विधायक लता उसेंडी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सेवा और समर्पण का उल्लेख करते हुए उन्हें बधाई दी।
कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगान जन गण मन के साथ हुआ।