कोण्डागांव

कोण्डागांव पहुंचे कांग्रेस के नए प्रदेश प्रभारी सुखदेव भगत, संगठन में बदलाव के सवाल पर बोले- अभी तो नवजात बच्चा है, शादी कब होगी पूछ रहे
08-Oct-2026 8:44 PM
कोण्डागांव पहुंचे कांग्रेस के नए प्रदेश प्रभारी सुखदेव भगत, संगठन में बदलाव के सवाल पर बोले- अभी तो नवजात बच्चा है, शादी कब होगी पूछ रहे

'छत्तीसगढ़' संवाददाता
कोण्डागांव, 8 अक्टूबर।
लोकतंत्र बचाओ, वोट बचाओ और देश बचाओ कार्यक्रम के तहत कांग्रेस के नवनियुक्त प्रदेश प्रभारी सुखदेव भगत बुधवार देर शाम कोण्डागांव पहुंचे। उनके साथ नेता प्रतिपक्ष चरणदास महंत और प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज भी मौजूद रहे।

रायपुर नाका पर पूर्व मंत्री मोहन मरकाम, शंकर सोढ़ी समेत कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने उनका स्वागत किया। इसके बाद रायपुर नाका से पुराना बस स्टैंड तक बाइक रैली निकाली गई। पुराना बस स्टैंड पर स्वागत के बाद सुखदेव भगत कार्यकर्ताओं के साथ बाइक रैली में शामिल होकर सर्किट हाउस पहुंचे। ज्ञात हो कि सुखदेव भगत को सितंबर में छत्तीसगढ़ कांग्रेस का प्रभारी नियुक्त किया गया था।

कोण्डागांव में पत्रकारों से चर्चा के दौरान बस्तर प्रवास को लेकर सुखदेव भगत ने कहा कि उनका तीन दिवसीय बस्तर दौरा है। इस दौरान लोकतंत्र बचाओ, वोट बचाओ और देश बचाओ कार्यक्रम में शामिल होने के साथ ही बाढ़ प्रभावित परिवारों से मुलाकात कर उनकी समस्याओं और राहत व्यवस्था की जानकारी ली जाएगी।

उन्होंने जल, जंगल, जमीन के मुद्दे का उल्लेख करते हुए कहा कि क्षेत्र के लोगों के अधिकार, विस्थापन और ग्राम सभा की सहमति के बिना अधिग्रहण जैसे मुद्दों पर भी लोगों से मुलाकात की जाएगी।

संगठन में बदलाव को लेकर पूछे गए सवाल पर सुखदेव भगत मुस्कुराते हुए कहा, अभी हमें दो दिन हुआ है यार। अभी तो जैसे किसी नवजात बच्चे को पूछे कि आपकी शादी कब होगी!

वहीं कांग्रेस जिलाध्यक्ष रवि घोष ने कहा कि जिले में कांग्रेस कार्यकर्ताओं में उत्साह है और उन्होंने आगामी चुनाव बैलेट से कराने की मांग दोहराई। उन्होंने कांग्रेस के पक्ष में माहौल होने का दावा करते हुए आने वाले समय में कांग्रेस की सरकार बनने की बात भी कही।

 


अन्य पोस्ट