कोण्डागांव

नारंगी नदी में अवैध रेत खनन पर सरपंच ने संभाली कमान, जेसीबी से रास्ता खुदवाकर रोका परिवहन
08-Oct-2026 8:43 PM
नारंगी नदी में अवैध रेत खनन पर सरपंच ने संभाली कमान, जेसीबी से रास्ता खुदवाकर रोका परिवहन

'छत्तीसगढ़' संवाददाता
कोण्डागांव, 7 अक्टूबर। 
नारंगी नदी के जोंदरापदर एनीकट क्षेत्र में कथित अवैध रेत खनन और परिवहन से परेशान ग्राम पंचायत कुम्हारपारा के सरपंच हेमचंद कोर्राम ने खुद पहल करते हुए रेत परिवहन के रास्ते को जेसीबी से खुदवा दिया। रास्ते में गड्ढा खोद दिए जाने के बाद रेत से भरे वाहनों की आवाजाही रुक गई। सरपंच के अनुसार, नदी में पानी कम होने के बाद हर साल बड़ी संख्या में ट्रैक्टरों से रेत का परिवहन किया जाता है।

सरपंच हेमचंद कोर्राम ने बताया कि रात 2 से 3 बजे से ट्रैक्टरों की आवाजाही के कारण आसपास के गांवों तक तेज आवाज पहुंचती है और ग्रामीणों को परेशानी होती है। ग्रामीणों की शिकायत के बाद उन्होंने खनिज विभाग को भी सूचना दी थी।

उनके अनुसार, विभागीय अधिकारी मौके पर पहुंचते थे, लेकिन कार्रवाई के दौरान ट्रैक्टर चालक वाहन लेकर चले जाते थे और अधिकारियों के जाने के बाद दोबारा रेत खनन व परिवहन शुरू कर देते थे। लगातार दो-तीन दिन स्थिति देखने के बाद उन्होंने परिवहन मार्ग को ही जेसीबी से खुदवाने का निर्णय लिया।

हेमचंद कोर्राम के मुताबिक, जब वह जेसीबी लेकर मौके पर पहुंचे तो करीब 15 से 20 ट्रैक्टर वहां मौजूद थे। कुछ ट्रैक्टर रेत भरकर निकल चुके थे, जबकि कुछ मौके पर रेत भर रहे थे। कई ट्रैक्टरों को रास्ते से ही वापस कर दिया गया।

सरपंच ने यह भी बताया कि पूर्व में पंचायत स्तर से रेत खनन के लिए लीज लेने की प्रक्रिया की गई थी और वन व राजस्व विभाग से संबंधित अनुमति भी ली गई थी, लेकिन बाद में किसी ठेकेदार को टेंडर मिलने की जानकारी सामने आई। हालांकि, उनके अनुसार अभी तक खनन कार्य शुरू नहीं हुआ है।

 


अन्य पोस्ट