कोण्डागांव
कोण्डागांव, 7 अक्टूबर। कोण्डागांव पुलिस ने नाबालिग बालिका को बहला-फुसलाकर ले जाने और रेप करने के आरोपी को चंद घंटों के भीतर गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।
पुलिस के अनुसार 5 अक्टूबर की रात्रि करीब 1 बजे पीडि़ता के परिजनों ने बालिका के गायब होने की रिपोर्ट थाना कोण्डागांव में दर्ज कराई। रिपोर्ट पर पुलिस ने धारा 137(2) बीएनएस के तहत अपराध पंजीबद्ध किया। पुलिस अधीक्षक पंकज चंद्रा के निर्देशन में गठित टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए पीडि़ता को पुराना बस स्टैंड क्षेत्र से बरामद किया।
पीडि़ता के कथन और विवेचना के दौरान आरोपी द्वारा दुष्कर्म किए जाने की बात सामने आई, जिसके आधार पर मामले में बीएनएस की धारा 64(1), 64(2)(ड) एवं पॉक्सो एक्ट की धारा 6 जोड़ी गई।
एएसपी कपिल चन्द्रा व एसडीओपी रूपेश कुमार के मार्गदर्शन तथा थाना प्रभारी सौरभ उपाध्याय के नेतृत्व में पुलिस टीम ने आरोपी डीजेवर गौतम उर्फ राजपूत कोण्डागांव को हिरासत में लेकर पूछताछ की। अपराध स्वीकार करने पर आरोपी को 6 अक्टूबर को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।