कोण्डागांव
कोंडागांव, 7 अक्टूबर। छत्तीसगढ़ कृषि स्नातक शासकीय कृषि अधिकारी संघ, जिला कोंडागांव के प्रांतीय निर्णय के परिपालन में आज जिला इकाई द्वारा कलेक्टर, जिला कोंडागांव (भू-अभिलेख शाखा) एवं उप संचालक कृषि, जिला कोंडागांव को ज्ञापन सौंपा गया।
संघ ने ज्ञापन में अवगत कराया कि कृषि विभाग के मैदानी अमले ग्रामीण कृषि विस्तार अधिकारी एवं कृषि विकास अधिकारी पर वर्तमान में विभागीय मूल कार्यों का अत्यधिक दबाव है, जो कि पूर्णत: एप आधारित एवं जियो-टैगिंग वाले हैं। गैर-विभागीय कार्य थोपने से कृषि विभाग के मूल कार्य - पीएम किसान एवं एग्री स्टैक जैसे किसान हितैषी कार्य बाधित हो रहे हैं।
अत: संघ ने मांग की है कि कृषि विभाग के मैदानी अमले को राजस्व विभागीय पीवी ऐप गिरदावरी के गैर-विभागीय कार्य से तत्काल मुक्त रखा जाए एवं उन्हें उनके मूल कृषि विस्तार कार्यों को ही करने दिया जाए।
प्रांतीय संघ के निर्णयानुसार दिनांक 26.09.2026 से प्रदेश भर में डीसीएस / पीवी ऐप कार्य का बहिष्कार जारी है, जिला कोंडागांव इकाई भी इसका पूर्ण समर्थन करती है।
ज्ञापन सौंपते समय जिला इकाई के पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण कृषि विस्तार अधिकारी एवं कृषि विकास अधिकारी उपस्थित रहे।