कोण्डागांव
कोंडागांव, 6 अक्टूबर। गांधी जयंती के अवसर पर कोण्डागांव जिले में शासन की मंशा अनुरूप कलेक्टर नूपुर राशि पन्ना के निर्देशन एवं मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. आर.के. चतुर्वेदी के मार्गदर्शन में स्वच्छता अभियान तथा कुष्ठ रोग जन-जागरूकता कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। विकासखंड एवं जिला शाखा के तत्वावधान में शासकीय नर्सिंग छात्राओं तथा स्वास्थ्य कर्मचारियों द्वारा जनजागरूकता रैली निकाली गई।
जिले के बुनागांव, बयानार और बम्हनी सेक्टर के अधीनस्थ गांवों में जागरूकता कार्यक्रम संचालित किए गए। स्वामी आत्मानंद स्कूल बम्हनी में राष्ट्रीय सेवा योजना के विद्यार्थियों को कुष्ठ रोग के लक्षण, उपचार तथा सामाजिक भ्रांतियों को दूर कर रोगी के प्रति मानवीय संवेदना रखने की सीख दी गई।
रैली के पश्चात पीएचसी कोण्डागांव के सभागृह में खंड चिकित्सा अधिकारी एवं जिला नोडल अधिकारी डॉ. हरेंद्र बघेल ने जानकारी दी कि कुष्ठ रोग माईकोबैक्टीरियम लेप्री नामक जीवाणु के संक्रमण से होता है। शरीर पर चमड़ी के रंग से हल्के (तामिया-तेलिया) सुन्न दाग-धब्बे होना तथा भौहों के बाल झडऩा इसके प्राथमिक लक्षण हैं। इसके लक्षण प्रकट होने में 2 से 5 वर्ष का समय लग सकता है।
उप-स्वास्थ्य केंद्रों से लेकर जिला अस्पताल तक इसकी जांच एवं उपचार पूरी तरह नि:शुल्क उपलब्ध है।
पुष्टि होने पर बीमारी की स्थिति के अनुसार 6 माह से 1 वर्ष तक नियमित एमडीटी दवा की खुराक दी जाती है, जिससे यह रोग पूरी तरह ठीक हो जाता है।
महात्मा गांधी द्वारा कुष्ठ पीडि़तों की सेवा के संदेश को याद करते हुए बताया गया कि सही समय पर नियमित उपचार से मरीज पूरी तरह स्वस्थ होकर सामान्य जीवन जी सकता है। समाज को कुष्ठ रोगियों के साथ किसी भी प्रकार का भेदभाव न कर स्नेहपूर्ण व्यवहार करना चाहिए।
आयोजन में जिला कुष्ठ सलाहकार लोकेश सोनी, शासकीय नर्सिंग स्कूल की प्राचार्या अनीता सोनी, खंड प्रसार प्रशिक्षक सुनीता सरकार, कुष्ठ सहायक मनोज बघेल, आरएचओ एवं मितानिनें उपस्थित रहीं।