कोण्डागांव
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
कोंडागांव, 6 अक्टूबर। राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण, नई दिल्ली एवं छत्तीसगढ़ राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, बिलासपुर के निर्देशानुसार तथा प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश एवं अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण कोंडागांव खिलावन राम रिगरी के नेतृत्व में अंतरराष्ट्रीय वृद्धजन दिवस के अवसर पर सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण कोंडागांव गायत्री साय द्वारा समर्पण वृद्धा आश्रम कोंडागांव में विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया।
इस अवसर पर गायत्री साय ने वृद्धा आश्रम पहुंचकर वहां निवासरत वृद्धजनों से आत्मीय मुलाकात की तथा उनके स्वास्थ्य एवं दैनिक जीवन से जुड़ी आवश्यकताओं की जानकारी ली। कार्यक्रम के दौरान वृद्धजनों का स्वास्थ्य परीक्षण भी कराया गया।
सचिव गायत्री साय ने वृद्धजनों से बातचीत करते हुए उनके अनुभवों एवं समस्याओं को सुना तथा उन्हें यह भरोसा दिलाया कि विधिक सेवा प्राधिकरण जरूरतमंद एवं वरिष्ठ नागरिकों को उनके अधिकारों और उपलब्ध विधिक सहायता के संबंध में आवश्यक सहयोग प्रदान करने के लिए सदैव तत्पर है।
कार्यक्रम के दौरान वृद्धजनों को फल भी वितरित किए गए। फल प्राप्त करते समय वृद्धजनों के चेहरे पर खुशी दिखाई दी। इस दौरान उनके साथ समय बिताकर उन्हें अपनत्व और सम्मान का भाव देने का प्रयास किया गया।