कोण्डागांव
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
कोण्डागांव, 6 अक्टूबर। बालोद जिले में सोमवार को पुलिसकर्मी की 22 वर्षीय बेटी पर हुए एसिड अटैक के मामले में कोण्डागांव पुलिस ने दो संदिग्धों को पकड़ा है। इनमें करण कुंजाम और एक महिला शामिल है। दोनों संदिग्धों को बालोद पुलिस के हवाले कर दिया गया है।
बताया जा रहा है कि एक तरफा प्यार में युवक ने अपने दोस्त से छात्रा पर एसिड अटैक करवाया था।
कोण्डागांव पुलिस के अनुसार, बालोद पुलिस से मिली सूचना के आधार पर संदिग्धों की तलाश की जा रही थी। इसी दौरान महिंद्रा बस से यात्रा कर रहे दोनों संदिग्धों को कोण्डागांव में पकड़ा गया। दोनों को आवश्यक कार्रवाई के लिए बालोद पुलिस को सौंप दिया गया।
बालोद जिले में 22 वर्षीय छात्रा आमापारा स्थित लाइब्रेरी से पढ़ाई कर घर लौट रही थी। इसी दौरान सिंचाई कॉलोनी में आत्मानंद स्कूल के सामने एक युवक ने उस पर एसिड फेंक दिया और मौके से फरार हो गया। घटना में छात्रा के शरीर का दाहिना हिस्सा झुलस गया, जबकि चेहरे और आंख के आसपास भी चोट आई है। गंभीर हालत में छात्रा को रायपुर रेफर किया गया है।
मामले में बालोद पुलिस घटना के कारण, इस्तेमाल किए गए एसिड और आरोपियों की भूमिका की जांच कर रही है। पूरे मामले का आधिकारिक खुलासा बालोद पुलिस द्वारा किया जाएगा।