कोण्डागांव
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
कोण्डागांव, 5 अक्टूबर। छत्तीसगढ़ उच्च न्यायालय, बिलासपुर के न्यायमूर्ति एवं कोंडागांव न्यायालय के पोर्टफोलियो जज संजय कुमार जायसवाल ने 3 अक्टूबर को जिले के कलेक्टर, पुलिस अधीक्षक व अन्य प्रमुख प्रशासनिक अधिकारियों के साथ जिला कोण्डागांव के विश्राम भवन में बैठक लेकर न्यायालयीन अधोसंरचना व अन्य सुसंगत कार्यों का संपादन निर्धारित समयावधि में योजनाबद्ध तरीके से गुणवतायुक्त रूप से पूर्ण किये जाने के दिशा-निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान न्यायमूर्ति श्री जायसवाल ने न्यायालय के मीटिंग हॉल में अधिवक्ताओं से मुलाकात कर उनसे संवाद किया। इस दौरान अधिवक्ताओं ने न्यायालयीन कार्यों से संबंधित विभिन्न विषयों एवं अपनी समस्याओं से अवगत कराया।
न्यायमूर्ति द्वारा अधिवक्ताओं की बातों को गंभीरतापूर्वक सुना गया तथा आवश्यक विषयों पर चर्चा की गई। इसके पश्चात माननीय न्यायमूर्ति द्वारा न्यायाधीश एवं न्यायालयीन कर्मचारियों के लिए निर्माणाधीन आवास गृहों का निरीक्षण किया जाकर, वहां उपलब्ध सुविधाओं एवं व्यवस्थाओं का जायजा लिया गया।
निरीक्षण के क्रम में निर्माणाधीन नवीन प्रधान जिला एवं सत्र न्यायालय भवन का भी अवलोकन किया गया। इस दौरान भवन के निर्माण कार्य, विभिन्न सुविधाओं, न्यायालयीन कक्षों एवं भविष्य में न्यायिक कार्यों के लिए विकसित की जा रही अधोसंरचना का निरीक्षण कर संबंधित अधिकारियों से आवश्यक जानकारी लेकर दिशा-निर्देश प्रदान किया गया।
न्यायालय परिसर के निरीक्षण के दौरान वर्तमान व्यवस्थाओं एवं भविष्य में विकसित की जा रही न्यायिक अधोसंरचना का अवलोकन करते हुए आवश्यक बिंदुओं पर दिशा-निर्देश प्रदान किया गया।
इस अवसर पर जिला न्यायालय कोंडागांव के न्यायिक अधिकारीगण, समस्त अधिवक्तागण एवं न्यायालयीन कर्मचारीगण उपस्थित रहे।