कोण्डागांव
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
कोण्डागांव, 5 अक्टूबर। अंदकुरी गांडा समाज द्वारा जिला कमेटी के निर्देशानुसार रविवार को कोण्डागांव जिले के समस्त ब्लॉकों में ब्लॉक स्तरीय नवाखाई सगा जोहार भेंट कार्यक्रम का आयोजन पारंपरिक रीति-रिवाजों और हर्षोल्लास के साथ किया गया।
जिले के विभिन्न ब्लॉकों ग्राम मुनगापदर (कोण्डागांव-मर्दापाल), हाटचपई व धनोरा (केशकाल), रांधना (माकड़ी), आलोर झाटीबन (फरसगांव) तथा लिहागांव (विश्रामपुरी) में समाज के मुख्य देव बुढ़ादेव, देवी माता मावली, जिम्मेदारी, डूमा व डायना की अगवानी कर सेवा-पूजा की गई। इसके उपरांत समाज के नाईक, पाइप, सगा, सियान, अतिथियों एवं पदाधिकारियों की उपस्थिति में एक-दूसरे को तिलक लगाकर तथा मोहरी वादन के बीच नया चावल (चिवड़ा) भेंटकर नवाखाई की शुभकामनाएं दी गईं।
कार्यक्रम के दौरान केशकाल विधायक नीलकंठ टेकाम ने धनोरा में ब्लॉक स्तरीय समाज भवन निर्माण की स्वीकृति दी। वहीं भूतपूर्व विधायक सेवक राम द्वारा पूर्व में स्वीकृत विश्रामपुरी (लिहागांव) के समाज भवन का लोकार्पण समाज के पदाधिकारियों की उपस्थिति में किया गया।
विधायक नीलकंठ टेकाम ने गांडा बाजा की ऐतिहासिक व सांस्कृतिक महत्ता पर प्रकाश डालते हुए कहा कि पारंपरिक गांडा बाजा के बिना ग्रामीण देव-कार्यों की पूर्णता संभव नहीं है। उन्होंने बाजा की परंपरा को प्रोत्साहित करने हेतु जिला स्तरीय अंदकुरी गांडा बाजा प्रतियोगिता आयोजित कराने का आश्वासन दिया।
कार्यक्रम में प्रदेश, जिला, ब्लॉक एवं मंडल स्तर के समस्त पदाधिकारियों सहित वरिष्ठजनों, युवाओं, महिलाओं और कर्मचारी प्रकोष्ठ के सदस्यों की बड़ी संख्या में सहभागिता रही।