कोण्डागांव
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
कोण्डागांव, 5 अक्टूबर। कोण्डागांव के दिनेश इंडियन फ्यूल में रविवार से दो दिवसीय अकादमी ऑन व्हील्स प्रशिक्षण सत्र शुरू किया गया है। इसमें जिले के इंडियन ऑयल के विभिन्न फ्यूल पंपों में कार्यरत कस्टमर अटेंडेंट्स और स्टाफ को प्रशिक्षण दिया जा रहा है। प्रशिक्षण का उद्देश्य फ्यूल पंप पर कार्य करने वाले कर्मचारियों को सुरक्षा, ग्राहक सेवा और रिटेल आउटलेट के बेहतर प्रबंधन से जुड़ी जानकारी देकर उनकी कार्यक्षमता बढ़ाना है।
प्रशिक्षण के संबंध में निशांत कौशिक ने बताया कि अकादमी ऑन व्हील्स के माध्यम से हेड ऑफिस की प्रशिक्षण व्यवस्था को उन क्षेत्रों तक पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है, जहां नियमित रूप से प्रशिक्षण पहुंचाना संभव नहीं हो पाता। प्रशिक्षण में सेफ्टी से जुड़ी जानकारी के साथ रिटेल आउटलेट की साफ-सफाई, यूनिफॉर्म, ग्राहकों से व्यवहार, आउटलेट प्रबंधन और विभिन्न तकनीकी जानकारियां दी जा रही हैं। इसके साथ ही एक्स्ट्रा रिवॉर्ड जैसी ग्राहक सुविधाओं के बारे में भी कर्मचारियों को जानकारी दी जा रही है, ताकि वे ग्राहकों को इन सुविधाओं से जोड़ सकें।
प्रशिक्षण में कस्टमर अटेंडेंट्स को चार तरीकों से जानकारी दी जा रही है। इसमें एलसीडी और एप्लीकेशन के माध्यम से वीडियो दिखाकर, प्रशिक्षक की जानकारी सुनाकर, पिच कार्ड और अन्य प्रशिक्षण सामग्री के जरिए पढ़ाकर तथा मौके पर सुरक्षा और तकनीकी गतिविधियों का व्यावहारिक अभ्यास कराकर प्रशिक्षण दिया जा रहा है।
प्रशिक्षण के दौरान कर्मचारियों को सुरक्षा मानकों का पालन करने के साथ ग्राहकों को बेहतर सेवा देने और फ्यूल पंप परिसर को व्यवस्थित एवं स्वच्छ रखने के तरीकों की जानकारी दी जा रही है।