कोण्डागांव
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
कोण्डागांव, 4 अक्टूबर। प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के अंतर्गत जिले के किसानों को फसल सुरक्षा के प्रति जागरूक करने तथा योजना में उनकी सहभागिता को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से सम्मान समारोह एवं ‘‘अंतरराष्ट्रीय महिला किसान वर्ष 2026’’ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बस्तर विकास प्राधिकरण की उपाध्यक्ष एवं कोण्डागांव विधायक लता उसेंडी, कलेक्टर नूपुर राशि पन्ना, नगर पालिका अध्यक्ष नरपति पटेल, पूर्व विधायक सेवक राम नेताम सहित स्थानीय जनप्रतिनिधिगण और कृषि विभाग एवं बीमा कंपनी के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना में विगत वर्षों से निरंतर जुडक़र फसल सुरक्षा के प्रति विश्वास एवं प्रतिबद्धता के साथ सहभागिता निभाने वाले ग्राम बड़ेकनेरा के किसान कोमल राम पटेल को ‘‘चैंपियन फार्मर’’ के रूप में सम्मानित किया गया। उन्हें उपहार एवं प्रशस्ति पत्र प्रदान कर योजना के प्रति उनकी निरंतर सहभागिता की सराहना की गई। इसी क्रम में जिले की महिला कृषि सखियों एवं महिला कृषकों को भी उपहार प्रदान कर सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर उपसंचालक कृषि कैलाश नाथ मरकाम ने उपस्थित किसानों को प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के उद्देश्य, लाभ एवं फसल सुरक्षा में इसकी उपयोगिता के संबंध में जानकारी दी। उन्होंने किसानों से अधिक से अधिक संख्या में योजना से जुडऩे तथा अपने आसपास के अन्य किसानों को भी फसल बीमा के महत्व के प्रति जागरूक करने का आग्रह किया।
कार्यक्रम में किसानों की फसल को प्राकृतिक आपदाओं एवं विभिन्न जोखिमों से होने वाले नुकसान से सुरक्षा प्रदान करने के लिए प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना की उपयोगिता पर चर्चा की गई। साथ ही महिला कृषकों की कृषि क्षेत्र में महत्वपूर्ण भूमिका एवं उनके योगदान को रेखांकित करते हुए उन्हें प्रोत्साहित किया गया।
कार्यक्रम में तीरंदाजी संघ के उपाध्यक्ष दीपेश अरोरा, मनोज जैन, जितेन्द्र सुराना, जनपद पंचायत अध्यक्ष अनिता कोर्राम, कुलवंत सिंह चहल, गोपाल दीक्षित, अश्वनी पाण्डे, संतोष पात्रे, लक्ष्मी ध्रुव, ललित देवांगन, टेबल टेनिस संघ कोण्डागांव के अध्यक्ष आर.के. जैन सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। इस अवसर पर अपर कलेक्टर अजय उरांव, तहसीलदार मनोज रावटे, सिविल सर्जन डॉ. पी.एल. मण्डावी, जनपद पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी उत्तम महोबिया सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी भी उपस्थित रहे।