कोण्डागांव

जनवि कोंडागांव में मनी गांधी-शास्त्री जयंती
04-Oct-2026 9:33 PM
जनवि कोंडागांव में मनी गांधी-शास्त्री जयंती

कोंडागांव, 4 अक्टूबर। जवाहर नवोदय विद्यालय कोंडागांव में राष्ट्रपिता महात्मा गांधी एवं पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती उत्साह के साथ मनाई गई। कार्यक्रम का शुभारंभ महात्मा गांधी एवं लाल बहादुर शास्त्री के चित्र पर माल्यार्पण एवं पुष्पांजलि अर्पित कर किया गया।

इस अवसर पर विद्यालय परिसर में विभिन्न सांस्कृतिक एवं शैक्षणिक कार्यक्रम आयोजित किए गए। विद्यार्थियों ने देशभक्ति गीत, भाषण, कविता-पाठ एवं सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से दोनों महान विभूतियों के जीवन, आदर्शों और राष्ट्र निर्माण में उनके योगदान को प्रस्तुत किया। विद्यार्थियों को महात्मा गांधी के सत्य, अहिंसा एवं स्वच्छता के संदेश तथा लाल बहादुर शास्त्री के सादगी, ईमानदारी और कर्तव्यनिष्ठा के आदर्शों से परिचित कराया गया।

कार्यक्रम के अंतर्गत विद्यार्थियों एवं शिक्षकों द्वारा जागरूकता जुलूस भी निकाला गया। जुलूस के माध्यम से स्वच्छता, अहिंसा, देशभक्ति एवं सामाजिक सद्भाव का संदेश दिया गया। विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता करते हुए विभिन्न संदेशों और नारों के माध्यम से लोगों को जागरूक किया।

विद्यालय के प्राचार्य संजय किशोर ने अपने संबोधन में महात्मा गांधी एवं लाल बहादुर शास्त्री के आदर्शों को जीवन में अपनाने तथा राष्ट्र के प्रति अपने कर्तव्यों का निष्ठापूर्वक पालन करने का आह्वान किया।

कार्यक्रम में विद्यालय के शिक्षकगण, कर्मचारी एवं विद्यार्थी उपस्थित रहे। समारोह का समापन राष्ट्रहित एवं स्वच्छता के प्रति प्रतिबद्धता के संकल्प के साथ हुआ।


अन्य पोस्ट