कोण्डागांव
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
कोंडागांव, 3 अक्टूबर। शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय खड़पड़ी (विकासखंड व जिला कोंडागांव) में अंतरराष्ट्रीय वृद्ध दिवस का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत मुख्य अतिथि सुदरू बघेल (वरिष्ठ नागरिक, ग्राम खड़पड़ी) द्वारा मां सरस्वती के छायाचित्र पर दीप प्रज्वलन एवं पूजा-अर्चना के साथ हुई।
प्राचार्य नीलम सिंह ठाकुर ने अंतरराष्ट्रीय वृद्ध दिवस के इतिहास पर प्रकाश डालते हुए बताया कि संयुक्त राष्ट्र द्वारा 14 दिसंबर 1990 को निर्णय लिए जाने के बाद 1 अक्टूबर 1991 को पहली बार यह दिवस मनाया गया था। इसका मुख्य उद्देश्य बुजुर्गों के प्रति होने वाले दुर्व्यवहार को रोकना और लोगों में उनके प्रति जागरूकता फैलाना है।
मुख्य अतिथि सुदरू बघेल ने कहा कि यह अवसर वरिष्ठ नागरिकों के अनुभवों को साझा करने का माध्यम है, जिससे नई पीढ़ी को सीख मिलती है तथा समाज में बुजुर्गों के प्रति स्नेह, सम्मान और मानवता की भावना मजबूत होती है। संस्था की ओर से मुख्य अतिथि सुदरू बघेल को श्रीफल भेंट कर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम का संचालन व्याख्याता भारत राम मंडावी द्वारा किया गया तथा आभार प्रदर्शन शिक्षिका श्रीयादेवी ठाकुर ने किया। इस अवसर पर प्रधानाध्यापक कमल जोशी, प्रधान पाठक सतवंत कश्यप, शिक्षिका दिव्या ठाकुर, सहायक शिक्षक सुरेश कुजूर सहित शाला परिवार के समस्त शिक्षक-कर्मचारी एवं विद्यार्थी उपस्थित रहे।