कोण्डागांव

तस्वीरों-भाषणों में दिखा सुरक्षित भविष्य
30-Sep-2026 10:10 PM
तस्वीरों-भाषणों में दिखा सुरक्षित भविष्य

बुनागांव के बच्चों ने संजोया विकसित भारत का सपना

कोण्डागांव, 30 सितंबर। जनपद प्राथमिक शाला बुनागाँव के छात्र-छात्राओं ने सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत आयोजित चित्रकला एवं भाषण प्रतियोगिता में अपनी अद्भुत कला और कल्पनाशक्ति का प्रदर्शन किया। स्कूल के नन्हे बच्चों ने अपनी रचनात्मकता के जरिए विकसित भारत 2047 को लेकर अपने सुनहरे सपनों और विचारों को सुंदर आकार दिया।

यह पूरा आयोजन जिला शिक्षा अधिकारी भारती प्रधान, जिला मिशन समन्वयक ईमल बघेल और विकास खंड शिक्षा अधिकारी जगमोहन भोयर के दिशा-निर्देशन में जिला भर के स्कूलों में चलाए जा रहे सेवा संकल्प अभियान के तहत संपन्न हुआ। विद्यालय स्तर पर संकुल समन्वयक धरम देवांगन, शिक्षक सूरज नेताम और मोनिका साहू के कुशल मार्गदर्शन में बच्चों ने विभिन्न रचनात्मक गतिविधियों में बढ़-चढक़र हिस्सा लिया। प्रतियोगिता के दौरान प्राथमिक शाला के छात्र-छात्राओं ने अपनी कला और ओजस्वी भाषणों के माध्यम से एक सशक्त और समृद्ध राष्ट्र की कल्पना प्रस्तुत की। बच्चों ने अपने चित्रों में विकसित भारत व विकसित छत्तीसगढ़ की प्रगति, वैश्विक स्तर पर भारत की सॉफ्ट पावर (योग, आयुर्वेद और संस्कृति), स्वच्छ भारत अभियान, और देश की सेना के शौर्य व पराक्रम को बेहद खूबसूरती से प्रदर्शित किया। इसके साथ ही बच्चों ने सामाजिक बदलाव को रेखांकित करते हुए नारी सशक्तिकरण, नक्सलमुक्त बस्तर, नशामुक्त भारत के संकल्प और राष्ट्रीय एकता पर भी अपने विचार साझा किए।


अन्य पोस्ट