कोण्डागांव
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
कोण्डागांव, 29 सितंबर। छत्तीसगढ़ शासन की मुख्यमंत्री तीर्थ दर्शन योजना के अंतर्गत 28 सितंबर से 01 अक्टूबर तक आयोजित तीर्थ यात्रा के लिए जिले के 260 तीर्थयात्रियों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया। तीर्थयात्री शिरडी साईं धाम, शनि शिंगणापुर एवं त्र्यंबकेश्वर के दर्शन करेंगे।
यात्रा में विकासखंड कोण्डागांव से 66, फरसगांव से 36, माकड़ी से 34, बड़ेराजपुर से 25, केशकाल से 34, नगर पंचायत फरसगांव से 15, नगर पंचायत केशकाल से 15 तथा नगर पालिका कोण्डागांव से 35 तीर्थयात्री शामिल हैं। इनमें वृद्धजन, सहायक एवं विधवा हितग्राही शामिल हैं।
यात्रा के दौरान शासन द्वारा यात्रियों के लिए नि:शुल्क यात्रा, भोजन, आवास एवं तीर्थ दर्शन की व्यवस्था की गई है। समाज कल्याण विभाग द्वारा सभी यात्रियों को पहचान पत्र एवं आवश्यक सामग्री भी प्रदान की गई।
इस अवसर पर जनप्रतिनिधि दीपेश अरोरा, मुख्य कार्यपालन अधिकारी अविनाश भोई, समाज कल्याण अधिकारी ललिता लकड़ा सहित विभागीय अधिकारी एवं स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।