कोण्डागांव

दहिकोंगा डोंगरीपारा में आंगन मिलन कार्यक्रम
29-Sep-2026 10:20 PM
दहिकोंगा डोंगरीपारा में आंगन मिलन कार्यक्रम

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

कोण्डागांव, 29 सितम्बर। सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत जिले में सेवा, जनभागीदारी और जनजागरूकता से जुड़ी विभिन्न गतिविधियों का आयोजन किया जा रहा है। इसी क्रम में सोमवार को दहिकोंगा डोंगरीपारा स्थित आँगनबाड़ी केंद्र में आँगन मिलन कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में आँगनबाड़ी कार्यकर्ताओं एवं सहायिकाओं के सेवा भाव को सम्मानित करने के साथ महिलाओं को बच्चों, गर्भवती एवं शिशुवती माताओं के पोषण और स्वास्थ्य के प्रति जागरूक किया गया।

कार्यक्रम के दौरान आँगनबाड़ी केंद्रों के माध्यम से निरंतर अपनी सेवाएं दे रहीं कार्यकर्ताओं एवं सहायिकाओं को उनके समर्पण और सेवा भावना के लिए तिलक लगाकर एवं मेडल पहनाकर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर आँगनबाड़ी कार्यकर्ता भुनेश्वरी जैन, लक्ष्मी सिन्हा, नीलबती दीवान, पूनम कोर्राम,  लीला दीवान,  लता नेता,  बसंती बघेल एवं  संपति नेता को सम्मानित किया गया। वहीं सहायिकाओं  धनेश्वरी बघेल,  अनीता नेताम, नवली नाग,  अंजिता दीवान, धनमती नेताम, टिकेश्वरी नेताम एवं  तिजबत्ती दीवान को भी उनके सेवाभाव और योगदान के लिए मेडल प्रदान कर सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम में  लीला दीवान के दीर्घकालीन सेवा भाव को विशेष रूप से सराहा गया। वे पिछले 37 वर्षों से आँगनबाड़ी कार्यकर्ता के रूप में अपनी सेवाएं दे रही हैं। लंबे समय से बच्चों, महिलाओं और परिवारों के बीच रहकर पोषण, स्वास्थ्य और बाल विकास से जुड़ी सेवाओं में योगदान देना उनके निरंतर समर्पण और जिम्मेदारी का परिचायक है। कार्यक्रम में उनके सेवाकाल को प्रेरणादायी बताते हुए सम्मानित किया गया।

आँगन मिलन कार्यक्रम में गांव की महिलाओं ने भी उत्साहपूर्वक सहभागिता की। महिलाओं को पोषण के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से अलग-अलग प्रकार की हरी एवं मौसमी सब्जियों तथा आँगनबाड़ी केंद्र से उपलब्ध कराई जाने वाली खाद्य सामग्रियों का प्रदर्शन किया गया। इस दौरान नेहा त्रिपाठी द्वारा महिलाओं को पोषण संबंधी महत्वपूर्ण जानकारी दी गई।

उन्होंने संतुलित आहार, पौष्टिक खाद्य पदार्थों के नियमित सेवन तथा बच्चों, गर्भवती महिलाओं एवं स्तनपान कराने वाली माताओं के लिए आवश्यक पोषण के संबंध में विस्तार से जानकारी साझा की। उन्होंने बताया कि घर में उपलब्ध स्थानीय एवं मौसमी खाद्य पदार्थों का उपयोग कर भी परिवार के लिए पौष्टिक एवं संतुलित भोजन तैयार किया जा सकता है।

प्रदर्शन के माध्यम से महिलाओं को विभिन्न सब्जियों एवं खाद्य सामग्रियों में पाए जाने वाले पोषक तत्वों तथा उनके नियमित सेवन के महत्व के बारे में जानकारी दी गई। महिलाओं को विशेष रूप से आँगनबाड़ी केंद्र से मिलने वाली खाद्य सामग्री का नियमित रूप से सेवन करने के लिए प्रेरित किया गया।

उन्हें बताया गया कि शासन द्वारा आँगनबाड़ी के माध्यम से उपलब्ध कराई जा रही पोषण सामग्री बच्चों, गर्भवती महिलाओं और स्तनपान कराने वाली माताओं की पोषण संबंधी आवश्यकताओं को ध्यान में रखकर दी जाती है। इसलिए हितग्राहियों को आँगनबाड़ी से प्राप्त खाद्य सामग्री का निर्धारित मात्रा एवं उचित तरीके से सेवन करना चाहिए, ताकि उन्हें इसका पूरा पोषण लाभ मिल सके।

घर पर पौष्टिक आहार तैयार करने की दी जानकारी

कार्यक्रम में महिलाओं को यह भी समझाया गया कि पौष्टिक भोजन के लिए हमेशा महंगी खाद्य सामग्री की आवश्यकता नहीं होती। घर में उपलब्ध अनाज, दाल, हरी सब्जियां, मौसमी फल और अन्य स्थानीय खाद्य पदार्थों को संतुलित रूप से आहार में शामिल कर पौष्टिक भोजन तैयार किया जा सकता है।

 नेहा ने महिलाओं को बच्चों के उचित पोषण, स्वच्छता, नियमित भोजन और आयु के अनुसार आहार देने के संबंध में आवश्यक जानकारी दी। साथ ही माताओं को बच्चों के खान-पान पर विशेष ध्यान देने तथा आँगनबाड़ी केंद्र के माध्यम से मिलने वाली पोषण सेवाओं का नियमित लाभ लेने के लिए प्रेरित किया गया। आँगन मिलन कार्यक्रम के माध्यम से एक ओर जहां आँगनबाड़ी कार्यकर्ताओं एवं सहायिकाओं के सेवाभाव को सम्मान मिला, वहीं दूसरी ओर महिलाओं को पोषण और स्वास्थ्य के प्रति जागरूक होने का अवसर मिला।

इस अवसर पर ग्राम के पंच सुनील मंडावी, परियोजना अधिकारी  संजय पोटाई,  गणेश नेताम, मितानिन सुषमा सिंहा उपस्थित रहे।


अन्य पोस्ट