कोण्डागांव

केशकाल सीएचसी में ‘रक्तदान महाकुंभ’, युवाओं व अफसरों ने बढ़-चढक़र किया रक्तदान
27-Sep-2026 9:39 PM
केशकाल सीएचसी में ‘रक्तदान महाकुंभ’, युवाओं व अफसरों ने बढ़-चढक़र किया रक्तदान

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

केशकाल, 27 सितंबर। सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत शनिवार को केशकाल स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में विशाल ‘रक्तदान महाकुंभ’ का आयोजन किया गया। रक्तदान शिविर में क्षेत्र के युवाओं, आम नागरिकों, स्वास्थ्य विभाग के कर्मचारियों और पुलिस अधिकारियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए स्वैच्छिक रक्तदान किया।

रक्तदान महाकुंभ में क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों ने भी पहुंचकर रक्तदाताओं का उत्साहवर्धन किया। इस दौरान जिलाध्यक्ष व्यापार प्रकोष्ठ राजू राठी, मंडल अध्यक्ष लंबोदर सलाम, देवेंद्र कुपाल और अमन श्रीवास्तव विशेष रूप से मौजूद रहे। जनप्रतिनिधियों ने रक्तदान करने वाले युवाओं और नागरिकों की सराहना करते हुए इसे समाजसेवा का महत्वपूर्ण माध्यम बताया।

शिविर में स्वास्थ्य विभाग की ओर से भी उल्लेखनीय सहभागिता देखने को मिली। ब्लॉक मेडिकल ऑफिसर डॉ. जी. जे. राव सहित स्वास्थ्य विभाग के कर्मचारियों ने स्वयं रक्तदान कर लोगों को प्रेरित किया। वहीं केशकाल थाना प्रभारी टीआई विकास बघेल ने भी रक्तदान करते हुए सामाजिक जिम्मेदारी की मिसाल पेश की। अधिकारियों और कर्मचारियों के स्वयं रक्तदान करने से शिविर में मौजूद अन्य लोगों का भी उत्साह बढ़ा।

आयोजन के दौरान रक्तदान करने वाले सभी स्वयंसेवकों को उनके सामाजिक योगदान के लिए प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। रक्तदाताओं ने भी रक्तदान को लेकर उत्साह व्यक्त किया और भविष्य में भी जरूरतमंदों की मदद के लिए आगे आने की बात कही।

स्वास्थ्य विभाग के अनुसार, रक्तदान किसी जरूरतमंद मरीज के लिए जीवन बचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। दुर्घटना, प्रसव, ऑपरेशन और अन्य आपातकालीन चिकित्सा परिस्थितियों में रक्त की आवश्यकता पड़ती है। ऐसे में इस तरह के शिविरों के माध्यम से रक्त का संग्रह किया जाना बेहद महत्वपूर्ण है।

‘रक्तदान महाकुंभ’ के माध्यम से केशकाल क्षेत्र में सेवा, सहयोग और सामाजिक जिम्मेदारी का संदेश भी दिया गया। आयोजन के सफल संचालन में स्वास्थ्य विभाग, पुलिस प्रशासन, जनप्रतिनिधियों, स्थानीय सहयोगियों और रक्तदाताओं की महत्वपूर्ण भूमिका रही। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र प्रबंधन ने शिविर में पहुंचकर रक्तदान करने वाले सभी लोगों का आभार व्यक्त किया।


अन्य पोस्ट