कोण्डागांव
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
कोंडागांव, 27 सितंबर। कस्तूरबा गांधी बालिका आवासीय विद्यालय, कोंडागांव में गत दिनों अंतरराष्ट्रीय महिला पर्वतारोही समीरा नवादा का आगमन हुआ। इस अवसर पर आश्रम परिवार द्वारा उनका स्वागत किया गया।
कार्यक्रम के दौरान पर्वतारोही समीरा नवादा ने छात्राओं से संवाद करते हुए बालिका सशक्तिकरण, आत्मनिर्भरता और सामाजिक कुरीतियों के विरुद्ध खड़े होने का संदेश दिया।
उल्लेखनीय है कि 9 वर्ष की आयु में माता-पिता को खोने के बावजूद समीरा नवादा ने अब तक 11 प्रमुख पर्वतों पर चढ़ाई में सफलता प्राप्त की है और साइकिल से 37 देशों की यात्रा की है। वर्तमान में उनका अगला लक्ष्य माउंट एवरेस्ट पर फतह हासिल करना है। उन्होंने अपने संघर्ष और अनुभवों को साझा करते हुए बालिकाओं को उच्च लक्ष्य निर्धारित करने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम के दौरान जिला पुलिस बल कोंडागांव की ओर से सब इंस्पेक्टर मनीषा ग्वाल एवं पुलिस टीम ने छात्राओं को साइबर जागृति अभियान के तहत महत्वपूर्ण जानकारियां दीं। ऑनलाइन धोखाधड़ी और साइबर अपराध से बचाव के उपाय बताए गए।
आश्रम अधीक्षिका हेमवती नेताम को साइबर जागृति अभियान के अंतर्गत स्मृति चिन्ह प्रदान किया गया। छात्राओं को साइबर अपराध मुक्त छत्तीसगढ़ की शपथ दिलाई गई।