कोण्डागांव
कोण्डागांव के स्कूलों में बनेगी भूगोल प्रयोगशालाएं
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
कोण्डागांव, 27 सितंबर। बस्तर अंचल में शिक्षा की गुणवत्ता बढ़ाने और अनुभवात्मक शिक्षण को बढ़ावा देने के लिए एक नई पहल की शुरुआत की गई है। कलेक्टर नूपुर राशि पन्ना के निर्देश पर जिले के विद्यालयों में भूगोल प्रयोगशालाएं एवं कला-समेकित शिक्षण केंद्र स्थापित किए जा रहे हैं। इस परियोजना के हेड मेंटर के रूप में ‘इंडियाज बेस्ट टीचर्स अवॉर्ड 2026’ के राष्ट्रीय विजेता और पीएम श्री केन्द्रीय विद्यालय कोण्डागांव के शिक्षक विनायक कोहली को नियुक्त किया गया है।
जिले के सभी पाँचों विकासखण्डों से एक-एक स्कूल को प्रथम चरण में शामिल किया गया है —शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय सिंगनपुर (केशकाल), शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय चिपावण्ड (कोण्डागांव), शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय गम्हरी (बड़ेराजपुर), शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय अनंतपुर (माकड़ी), शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय आलोर (फरसगांव)।
कलेक्टर की अध्यक्षता में आयोजित समीक्षा बैठक में जिला पंचायत सीईओ अविनाश भोई और जिला शिक्षा अधिकारी भारती प्रधान की मौजूदगी में चयनित विद्यालयों के प्राचार्यों और शिक्षकों को कार्ययोजना सौंपी गई।
प्रयोगशालाओं की स्थापना के लिए स्कूलों को एक विस्तृत चेकलिस्ट दी गई है, जिसमें ग्लोब/एटलस कॉर्नर, मृदा मानचित्र, सौरमंडल एवं भू-आकृति मॉडल, वर्षा जल संचयन मॉडल, बस्तर आर्ट कॉर्नर, संविधान प्रति और ईवीएम मॉडल शामिल हैं। परियोजना के द्वितीय चरण में चयनित विद्यालयों के शिक्षकों का प्रशिक्षण और पीएम श्री केन्द्रीय विद्यालय कोण्डागांव की सोशल साइंस लैब का भ्रमण कराया जाएगा।
इसके बाद हेड मेंटर विनायक कोहली चयनित स्कूलों का निरीक्षण कर प्रयोगशालाओं की स्थापना में सहयोग करेंगे।