कोण्डागांव
20 से अधिक विभागों ने सुनी ग्रामीणों की समस्याएं
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
कोंडागांव, 27 सितम्बर। राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण, नई दिल्ली एवं छतीसगढ़ राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण बिलासपुर के तत्वावधान में संचालित 60 दिवसीय मेगा ड्राइव नालसा योजना 2026 के तहत स्थापित लीगल एड क्लीनिक ग्राम पंचायत तोतर में विशेष विधिक एवं जनसमस्या समाधान शिविर का आयोजन लगातार चार दिनों तक किया गया। शिविर के माध्यम से ग्रामीणों को गांव में ही विभिन्न शासकीय विभागों की सेवाएं उपलब्ध कराने के साथ उनकी व्यक्तिगत एवं सामुदायिक समस्याओं को सुनकर संबंधित विभागों के माध्यम से उनके निराकरण की दिशा में कार्यवाही की गई।
यह आयोजन प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश एवं अध्यक्ष जिला विधिक सेवा प्राधिकरण कोण्डागांव खिलावन राम रिगरी के मार्गदर्शन तथा सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण कोण्डागांव गायत्री साय के नेतृत्व एवं उपस्थिति में किया गया। शिविर के दौरान ग्रामीणों को विधिक सहायता, उनके अधिकारों तथा शासन की विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं के संबंध में जानकारी भी दी गई।
चार दिनों तक चले शिविर में 20 से अधिक विभागों एवं विभिन्न शासकीय सेवाओं के अधिकारियों-कर्मचारियों ने अपनी सेवाएं प्रदान कीं। इनमें जल संसाधन विभाग, लोक निर्माण विभाग, मत्स्य पालन विभाग, खाद्य विभाग, कृषि विभाग, शिक्षा विभाग, खेल विभाग, उद्योग विभाग, हथकरघा एवं रेशम विभाग, राजस्व विभाग, समाज कल्याण विभाग, महिला एवं बाल विकास विभाग, लोक सेवा केंद्र, खाद्य एवं ग्रामोद्योग विभाग तथा स्वास्थ्य विभाग सहित अन्य संबंधित विभाग शामिल रहे।
ग्रामीणों ने विभागवार अपनी समस्याएं एवं जरूरतें अधिकारियों के समक्ष रखीं। संबंधित विभाग द्वारा समस्याओं को गहनतापूर्वक सुना एवं समझा गया तथा समस्या की प्रकृति के अनुसार संबंधित विभाग से समन्वय स्थापित कर आवश्यक कार्यवाही की गई। इस दौरान ग्रामीणों को योजनाओं की पात्रता, आवेदन प्रक्रिया एवं आवश्यक दस्तावेजों के संबंध में भी जानकारी दी गई।
दस्तावेज और शासकीय सेवाएं भी उपलब्ध
शिविर में केवल समस्याओं की सुनवाई ही नहीं हुई, बल्कि ग्रामीणों को विभिन्न आवश्यक दस्तावेज एवं सेवाएं उपलब्ध कराने की दिशा में भी कार्य किया गया। जिन ग्रामीणों के आधार कार्ड नहीं बने थे, उनके आधार कार्ड बनवाने की प्रक्रिया कराई गई। पात्र हितग्राहियों के आयुष्मान कार्ड एवं राशन कार्ड से संबंधित कार्य किए गए तथा श्रमिकों के श्रम कार्ड बनवाने की कार्यवाही की गई जिन ग्रामीणों का स्वास्थ्य खराब था उनका स्वास्थ्य जांच करवाया गया। बैंकिंग सुविधा से वंचित ग्रामीणों को बैंक से जोड़ते हुए नए खाते खुलवाने में भी सहायता प्रदान की गई।
स्वास्थ्य विभाग के माध्यम से ग्रामीणों को स्वास्थ्य संबंधी सेवाओं एवं योजनाओं की जानकारी दी गई। कृषि एवं मत्स्य पालन विभाग द्वारा संबंधित योजनाओं की जानकारी एवं विभागीय सेवाओं के संबंध में मार्गदर्शन दिया गया। वहीं महिला एवं बाल विकास, समाज कल्याण, शिक्षा, राजस्व और अन्य विभागों से संबंधित ग्रामीणों की समस्याओं को संबंधित अधिकारियों तक पहुंचाकर उनके निराकरण की दिशा में कार्य किया गया।
समस्या सुनने से लेकर समाधान तक हुई पहल
शिविर की विशेषता यह रही कि ग्रामीणों की समस्याओं को केवल आवेदन लेकर दर्ज करने तक सीमित नहीं रखा गया। समस्याओं को गहनतापूर्वक समझते हुए संबंधित विभागों के साथ समन्वय कर उनके निराकरण की दिशा में मौके पर ही आवश्यक कार्यवाही की गई। इससे ग्रामीणों को अलग-अलग विभागों के कार्यालयों में जाने की आवश्यकता कम हुई और एक ही स्थान पर विभिन्न सेवाओं एवं योजनाओं से जुडऩे का अवसर मिला।
चार दिनों तक चले इस विशेष आयोजन के माध्यम से विधिक सहायता, जनसमस्या समाधान और शासकीय योजनाओं का लाभ ग्रामीणों तक पहुंचाने का प्रयास एक साथ किया गया। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण कोण्डागांव द्वारा संचालित यह पहल ग्रामीण क्षेत्रों में विधिक जागरूकता बढ़ाने के साथ-साथ जरूरतमंद लोगों को उनके अधिकारों एवं शासकीय सेवाओं से जोडऩे की दिशा में निरंतर प्रयास का हिस्सा रही।