कोण्डागांव

जनगणना प्रपत्र में ओबीसी और जाति का पृथक कॉलम जोडऩे की मांग, कांग्रेस ने कलेक्टर को सौंपा ज्ञापन
26-Sep-2026 10:20 PM
जनगणना प्रपत्र में ओबीसी और जाति का पृथक कॉलम जोडऩे की मांग, कांग्रेस  ने कलेक्टर को सौंपा ज्ञापन

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

कोण्डागांव, 26 सितंबर। आगामी जनगणना प्रपत्र में अन्य पिछड़ा वर्ग (ओबीसी) और जाति का स्पष्ट एवं पृथक कॉलम शामिल करने की मांग को लेकर जिला कांग्रेस कमेटी पिछड़ा वर्ग विभाग ने शुक्रवार को कोण्डागांव कलेक्टर नूपुर राशि पन्ना को ज्ञापन सौंपा।

ज्ञापन में मांग की गई है कि आगामी जनगणना के दौरान नागरिकों की जाति और अन्य पिछड़ा वर्ग से संबंधित जानकारी दर्ज करने के लिए जनगणना प्रपत्र में अलग से कॉलम जोड़ा जाए। ज्ञापन के माध्यम से कहा गया है कि जातिगत और सामाजिक-आर्थिक आंकड़े उपलब्ध होने से समाज के विभिन्न वर्गों की वास्तविक स्थिति, सामाजिक एवं शैक्षणिक स्तर तथा विकास योजनाओं के बेहतर निर्माण और क्रियान्वयन में सहायता मिल सकेगी।

जिला कांग्रेस कमेटी पिछड़ा वर्ग की जिलाध्यक्ष भगवती पटेल ने ज्ञापन में उल्लेख किया है कि विशेष रूप से पिछड़ा वर्ग समाज के लिए शिक्षा, रोजगार, प्रतिनिधित्व और कल्याणकारी योजनाओं के प्रभावी निर्धारण के लिए प्रमाणिक आंकड़े आवश्यक हैं।

उन्होंने मांग की है कि जनगणना में जाति और ओबीसी का पृथक कॉलम शामिल कर प्राप्त आंकड़ों को संकलित और सार्वजनिक किया जाए, ताकि सामाजिक न्याय एवं समान अवसर से जुड़ी नीतियां प्रमाणिक आंकड़ों के आधार पर बनाई जा सकें।

इस दौरान जिला कांग्रेस पिछड़ा वर्ग विभाग की जिलाध्यक्ष भगवती पटेल के साथ जिला कांग्रेस कमेटी के महामंत्री जेपी यादव, शिल्पा देवांगन, सेवक दीवान, बीएल पटेल सहित कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे। ज्ञापन के माध्यम से कलेक्टर से मांगों को शासन एवं संबंधित उच्च अधिकारियों तक भेजने का आग्रह किया गया है।


अन्य पोस्ट