कोण्डागांव

मूसलाधार बारिश के बीच बिजली बहाल करने में जुटे विद्युतकर्मी
25-Sep-2026 9:44 PM
मूसलाधार बारिश के बीच बिजली बहाल करने में जुटे विद्युतकर्मी

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

केशकाल, 25 सितंबर। क्षेत्र में पिछले तीन दिनों से लगातार हो रही मूसलाधार बारिश और तेज आंधी-तूफान के चलते विद्युत व्यवस्था भी प्रभावित हुई है। केशकाल, बिश्रामपुरी सहित आसपास के ग्रामीण इलाकों में कई स्थानों पर पेड़ बिजली के तारों पर गिरने तथा शॉर्ट सर्किट की घटनाओं के कारण बिजली आपूर्ति बाधित हुई। इन परिस्थितियों के बीच विद्युत विभाग के कर्मचारी लगातार बारिश में भी मोर्चे पर डटे हुए हैं और फॉल्ट सुधारकर विद्युत व्यवस्था बहाल करने में जुटे हैं। केशकाल सब स्टेशन सहित विभिन्न स्थानों पर विभाग की टीमें लगातार निगरानी कर रही हैं। कर्मचारियों द्वारा प्रभावित क्षेत्रों में पहुंचकर फॉल्ट की तलाश की जा रही है और क्षतिग्रस्त विद्युत लाइनों को दुरुस्त किया जा रहा है। खराब मौसम और लगातार बारिश के बावजूद कर्मचारी पानी में भीगते हुए विद्युत आपूर्ति बहाल करने के लिए जुटे हुए हैं।

सहायक अभियंता पन्ना अहिरवार ने बताया कि आंधी, तूफान और बारिश के कारण कुछ स्थानों पर विद्युत लाइनों में फॉल्ट आया है। विभाग की टीमें लगातार काम कर रही हैं और फॉल्ट को चिन्हित कर सुधारने का कार्य जारी है। उन्होंने आमजन से धैर्य और सावधानी बरतने की अपील करते हुए कहा कि विद्युत व्यवस्था को जल्द से जल्द सामान्य करने के लिए विभाग की पूरी टीम लगातार प्रयासरत है।

उन्होंने लोगों से अपील की कि यदि कहीं बिजली के तार पर पेड़ गिरा हुआ दिखाई दे या शॉर्ट सर्किट जैसी स्थिति नजर आए तो उसके पास न जाएं और तत्काल विद्युत विभाग को सूचना दें। खराब मौसम के बीच विद्युतकर्मियों की मुस्तैदी से प्रभावित क्षेत्रों में बिजली व्यवस्था बहाल करने का काम लगातार जारी है।


अन्य पोस्ट