कोण्डागांव
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
कोण्डागांव, 25 सितंबर। जल संसाधन विभाग (संभाग कोण्डागांव) के उप संभाग माकड़ी अंतर्गत केरावाही जलाशय में सेवा संकल्प अभियान के तहत जल स्रोत जांच एवं सुधार कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम का उद्देश्य जल स्रोतों के रखरखाव, स्वच्छता और जल संचयन क्षमता का आकलन करना रहा।
विभागीय अधिकारियों एवं तकनीकी टीम द्वारा जलाशय के कैचमेंट क्षेत्र, बांध, सीपेज क्षेत्र, जल प्रवाह और नहरों की वर्तमान स्थिति का निरीक्षण किया गया।
जलाशय परिसर में सफाई गतिविधियां संचालित की गईं तथा स्थानीय ग्रामीणों को जल स्रोतों की स्वच्छता एवं सामुदायिक सहभागिता के प्रति जानकारी दी गई।
एक पेड़ मां के नाम अभियान के अंतर्गत जलाशय परिसर में पौधे लगाए गए। इसके अतिरिक्त, कार्यक्रम के अंत में उपस्थित लोगों को वर्षा जल संचयन (रेन वाटर हार्वेस्टिंग) और भूजल संवर्धन से संबंधित शपथ दिलाई गई।
यह कार्यक्रम कलेक्टर नूपुर राशि पन्ना के निर्देशानुसार, जल संसाधन विभाग के कार्यपालन अभियंता आर.एल. धीवर के मार्गदर्शन तथा अनुविभागीय अधिकारी पी.एल. सोनवानी के नेतृत्व में आयोजित हुआ। विभागीय अधिकारियों ने जल संसाधनों के दीर्घकालिक उपयोग हेतु नियमित निगरानी पर जोर दिया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि जिला पंचायत सदस्य भगवती महेश नेताम, जनपद सदस्य मनोज नेताम, सरपंच प्रतिनिधि बलिराम नेताम, जल संसाधन विभाग के कर्मचारी तथा स्थानीय ग्रामीण उपस्थित रहे।