कोण्डागांव
शासकीय मेडिकल कॉलेज कांकेर में चयन
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
केशकाल, 24 सितंबर। केशकाल विधानसभा क्षेत्र के बड़ेराजपुर विकासखंड अंतर्गत ग्राम पलना निवासी रूपाली नेताम का डॉक्टर बनने का सपना साकार हुआ है। रूपाली का चयन राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा (नीट) 2026 के माध्यम से चिकित्सा स्नातक पाठ्यक्रम के लिए स्वर्गीय श्रीमती इंदिरा गांधी स्मृति शासकीय चिकित्सा महाविद्यालय, कांकेर में हुआ है।
रूपाली ने कक्षा 12वीं तक की पढ़ाई कृष्णा पब्लिक स्कूल, रायपुर से पूरी की। इसके बाद उन्होंने अपनी मेहनत, लगन और स्व-अध्ययन के दम पर नीट उत्तीर्ण की। छत्तीसगढ़ राज्य चिकित्सा प्रवेश काउंसलिंग के प्रथम चरण में ही उन्हें शासकीय चिकित्सा महाविद्यालय, कांकेर आवंटित हुआ।
रूपाली नेताम छत्तीसगढ़ विधानसभा के पूर्व उपाध्यक्ष एवं केशकाल विधानसभा के पूर्व विधायक संतराम नेताम और दुर्गा नेताम की बेटी हैं। बेटी के चयन की खबर मिलते ही परिवार में खुशी का माहौल है। रिश्तेदारों, मित्रों, शिक्षकों और शुभचिंतकों ने रूपाली को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।
रूपाली की सफलता पर पूर्व विधायक संतराम नेताम भावुक हो उठे। उन्होंने कहा कि बेटी की सफलता एक पिता के लिए सबसे बड़ा गर्व है। वर्षों की मेहनत, लगन और समर्पण के बाद रूपाली ने यह मुकाम हासिल किया है।
यह हमारे पूरे परिवार के लिए बेहद खुशी और गर्व का क्षण है।
उन्होंने कहा कि बेटी का डॉक्टर बनना इसलिए भी विशेष है, क्योंकि आगे चलकर वह अपने ही क्षेत्र के लोगों की सेवा और बेहतर स्वास्थ्य सुविधाओं के लिए योगदान दे सकेगी। उन्होंने रूपाली की सफलता को उसकी मेहनत, अनुशासन और दृढ़ संकल्प का परिणाम बताया।